बारिश के बाद वायरल फीवर का बढ़ा प्रकोप, सीएचसी में उमड़ी मरीजों की भीड़

बदलता स्वरूप
बहराइच। बारिश के बाद मौसम में बदलाव के साथ क्षेत्र में वायरल फीवर समेत मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रमपुरवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेजवापुर की ओपीडी में बीते तीन दिनों से मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। प्रतिदिन करीब 400 से 500 मरीज बुखार, सिरदर्द, सर्दी-जुकाम, बदन दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
लगातार बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है। वहीं दूषित पानी और खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से भी संक्रमण का खतरा बना रहता है। मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने से सीएचसी की ओपीडी में भी भीड़ दिखाई दे रही है।
चिकित्सक डॉ. रोहित ने बताया कि घर के आसपास पानी जमा न होने दें, पीने के लिए साफ अथवा उबला पानी इस्तेमाल करें और ताजा भोजन ही करें। बुखार या अन्य परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें।

Related Articles

Back to top button