आउटसोर्स कर्मियों के कल्याण को सरकार का ऐतिहासिक कदम, बढ़ेगा पारिश्रमिक

अमित शर्मा बॉबी
बदलता स्वरूप फतेहपुर
फतेहपुर 02 सितम्बर 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मियों के कल्याण और श्रमिकों के आर्थिक उत्थान के लिए आज एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए लखनऊ के लोक भवन में आयोजित मुख्यमत्री उ०प्र० के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जनपद फतेहपुर के विकास भवन सभागार में किया गया। इस भव्य जिला स्तरीय समारोह में विकास गुप्ता, विधायक अयाह शाह, राजेन्द्र पटेल, विधायक जहानाबाद, राजकुमार गौर्य, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद फतेहपुर,अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व विनय पांडे एंव श्रम विभाग व नगर पालिका के समस्त अधिकारीगण, सभासद और आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के आधिकारिक लोगो (Logo) का अनावरण, पारदर्शी व्यवस्था हेतु डिजिटल वेबसाइट व पोर्टल का शुभारम्भ रिमोट का बटन दबाकर किया तथा आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की ऐतिहासिक घोषणा की गयी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी और श्रमिक राज्य के विकास की रीढ़ है और नया पोर्टल व मानदेय वृद्धि उनके जीवन मे आर्थिक स्थायित्व, विचौलियों से मुक्ति, समय पर सीधे बैंक खाते मे भुगतान और ईपीएफ (EPF) व ईएसआई (ESI) जैसी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित कर शोषण को पूरी तरह समाप्त करेगी।
कार्यक्रम में श्रम विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य संन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के अतर्गत एक वृहद हितलाभ वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र पंजीकृत श्रमिक लाभार्थियों को विभिन्न वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र और मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना हितलाभ एवं निर्माण कामगार मृत्यु एंव दिव्यांगता सहायता योजना जैसी योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं एफ०डी० का वितरण किया गया। नगर पालिका फतेहपुर की ओर से सफाई कर्मियों को पी०पी०ई० किट का वितरण किया गया। यह कल्याणकारी पहल जनपद के आउटसोर्स कर्मियों को ठेकेदारी प्रथा के शोषण से बचाकर सीधे सरकारी तंत्र के माध्यम से उनके अधिकारों को पारदर्शी तरीके से प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम के समापन पर श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सम्मानित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रमिक भाइयों की गरिमामयी उपस्थिति के प्रति आभार प्रकट किया।




