सरकारी रास्ते के अभाव में गांव में कैद हुई जिंदगी, नौनिहालों की पढ़ाई पर लगा ब्रेक।

पवनदेव सिंह

कर्नलगंज। तहसील कर्नलगंज क्षेत्र की ग्राम सभा बसेहिया के मजरा गोडियन पुरवा में सरकारी रास्ते के अभाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव में आने-जाने का समुचित मार्ग न होने से करीब 400 की आबादी प्रभावित है, वहीं जलभराव के कारण दर्जनों बच्चों का स्कूल जाना भी बंद हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव तक पहुंचने के लिए कोई व्यवस्थित सरकारी रास्ता नहीं है। आरोप है कि सरकारी और ग्राम समाज की जमीन के कुछ हिस्से पर कुछ लोगों ने कथित रूप से कब्जा कर खेती कर ली है, जिससे आवागमन का रास्ता बाधित हो गया है। पूर्व में बच्चे नदी के किनारे से होकर स्कूल आते-जाते थे, लेकिन इन दिनों पानी भर जाने के कारण यह रास्ता भी बंद हो गया है।

रास्ता बंद होने और चारों ओर पानी होने से ग्रामीण गांव के भीतर ही सीमित होकर रह गए हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी भूमि की पैमाइश कराकर आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने तथा कथित अतिक्रमण की जांच कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके और बच्चों की पढ़ाई दोबारा सुचारु हो सके।

इस संबंध में तहसीलदार कर्नलगंज से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि हल्का लेखपाल से मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर रास्ते का समाधान निकाला जाएगा।

Related Articles

Back to top button