जीवंत गांव बनकटी में एसएसबी ने लगाया पशु चिकित्सा शिविर
23 पशुपालकों के 112 पशुओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार, निःशुल्क दवाओं का वितरण

श्रावस्ती ब्यूरो की रिपोर्ट
भिनगा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा दायित्वों के साथ स्थानीय ग्रामीणों के कल्याण और उनके साथ बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल लगातार जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा की ओर से कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के निर्देशन में समवाय गज्जरगौरी के अंतर्गत आने वाले जीवंत गांव बनकटी में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सीमांत मुख्यालय, एसएसबी लखनऊ के डॉ. ललित देउरी, कमांडेंट पशु चिकित्सा तथा 62वीं वाहिनी की पशु चिकित्सा टीम ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद आवश्यकतानुसार उपचार किया गया और पशुपालकों को पशुओं के खान-पान, स्वच्छता, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं रोगों से बचाव के संबंध में जरूरी परामर्श दिया गया।
शिविर में कुल 23 पशुपालकों के 112 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। जरूरतमंद पशुपालकों को आवश्यक पशु चिकित्सा दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं।
पशुपालकों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण और ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी बताया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सीमावर्ती ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ एसएसबी और स्थानीय समुदाय के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भी मजबूत होते हैं।





