स्कूलों में अधूरे काम जल्द पूरे कराएं, शिक्षा व्यवस्था में लाएं सुधार : सीडीओ

बदलता स्वरूप
सुलतानपुर। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, एमडीएम टास्क फोर्स, ऑपरेशन कायाकल्प एवं शिक्षा व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने विद्यालयों में लंबित बाउंड्रीवाल निर्माण, दिव्यांग शौचालय और अन्य निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। भूमि विवादों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर कराने तथा सड़क किनारे विद्यालयों में रोड सेफ्टी बोर्ड लगाने को कहा।
मध्यान्ह भोजन योजना में खाद्यान्न, कन्वर्जन कॉस्ट, रसोइयों के मानदेय एवं फल-दूध वितरण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। दिव्यांग बच्चों को प्रमाणपत्र एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
सीडीओ ने कहा कि बच्चों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं शिक्षक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा विद्यालयों में नियमित पैरेंट्स मीटिंग आयोजित कर बच्चों के शैक्षिक स्तर में सुधार सुनिश्चित करें।




