डीएम ने सीएचसी सादुल्लानगर का किया निरीक्षण

क्रिटिकल गैप से 10 लाख रुपये की धनराशि से सुदृढ़ होगा लेबर रूम
बदलता स्वरूप
बलरामपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर मिल रहे उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्ड, इमरजेंसी कक्ष, एनबीएसयू, लेबर रूम सहित अस्पताल के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर चिकित्सकीय परामर्श, दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
जिलाधिकारी ने सीएचसी में प्रसव संबंधी सेवाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को बेहतर एवं सुरक्षित प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सीएचसी के लेबर रूम को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए क्रिटिकल गैप से 10 लाख रुपये की धनराशि से लेबर रूम में आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण करते हुए इसे संचालित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएचसी स्तर पर आवश्यक ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रोटेशन के आधार पर एनेस्थीसिया की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके और अनावश्यक रूप से अन्य चिकित्सालयों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर का भ्रमण करते हुए निष्प्रयोज्य भवनों की स्थिति भी देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निष्प्रयोज्य भवनों का नियमानुसार मूल्यांकन कराते हुए उनके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि परिसर का बेहतर एवं सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा, आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि सीएचसी पर आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




