ऑपरेशन सतर्क: रेल संपत्ति चोरी करते दो आरोपी गिरफ्तार, ₹37 हजार की केबल बरामद

गोण्डा। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत सीआईबी गोण्डा, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोण्डा एवं कोतवाली गोण्डा पुलिस की संयुक्त टीम ने रेल संपत्ति चोरी करने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 132 मीटर केबल एवं केबल काटने वाला कटर बरामद किया, जिसकी कीमत करीब ₹37 हजार बताई गई है।
03 सितंबर 2026 को निरीक्षक रेसुब गोण्डा अनिरुद्ध राय एवं निरीक्षक अआशा गोण्डा उदय राज के नेतृत्व में संयुक्त टीम गोण्डा रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड स्थित आरओएच भवन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिकअप संख्या UP 43 BT 9550 से रेल संपत्ति चोरी कर ले जाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज सिंह उर्फ हिमांशु सिंह (22 वर्ष), निवासी आजाद नगर, गोण्डा तथा विष्णु यादव (19 वर्ष), निवासी कन्सापुर, गोण्डा के रूप में हुई है। वहीं रोहित निवासी मिश्रौलिया, गोण्डा और अमन अहमद निवासी आसरा आवास कॉलोनी, गोण्डा मामले में वांछित हैं।
आरोपियों के विरुद्ध मुअसं-09/26, धारा 3 रेल संपत्ति (अ.क.) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक विमल कुमार सिंह, रेसुब पोस्ट गोण्डा द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में आरपीएफ, सीआईबी एवं कोतवाली पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button