सुल्तानपुर को बड़ी सौगात: जयसिंहपुर-लंभुआ में खुले उप निबंधक कार्यालय

रजिस्ट्री और निबंधन कार्यों के लिए अब नहीं लगानी पड़ेगी दूर की दौड़, कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया शुभारंभ
ब्यूरो रिपोर्ट, सुल्तानपुर। अनिल जायसवाल
सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर और लंभुआ तहसील क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। स्टांप एवं न्यायालय शुल्क विभाग के कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल ने दोनों तहसील क्षेत्रों में नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालयों का शुभारंभ किया। मंत्री ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कार्यालयों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, जयसिंहपुर विधायक सीताराम वर्मा, उप जिलाधिकारी संदीप यादव, उप निबंधक आदित्य प्रताप जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
नए उप निबंधक कार्यालय शुरू होने से जयसिंहपुर और लंभुआ क्षेत्र के लोगों को जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री, दस्तावेजों के पंजीकरण और अन्य निबंधन कार्यों के लिए दूर के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर निबंधन सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
क्षेत्रवासियों ने दोनों कार्यालयों के शुभारंभ को इलाके के विकास और जनसुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार और संबंधित विभाग के प्रति आभार जताया।




