सीएचसी उतरौला से ‘नन्हे-कदम’ ऐप का शुभारंभ, नवजात शिशुओं की होगी बेहतर निगरानी

बदलता स्वरूप
बलरामपुर। नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य देखभाल एवं नियमित निगरानी1 को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद में ‘नन्हे-कदम’ ऐप का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला से किया गया। फिलहाल इस ऐप को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में उतरौला क्षेत्र में लागू किया जा रहा है।
इस पहल को मुख्य विकास अधिकारी बलरामपुर हिमांशु गुप्ता के सहयोग तथा स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मार्गदर्शन डॉ. यशवंत राव, प्रोफेसर, बाल रोग विभाग, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर द्वारा किया जा रहा है।
‘नन्हे-कदम’ ऐप के माध्यम से सीएचसी उतरौला के अंतर्गत जन्म से दो माह तक के सभी नवजात शिशुओं की नियमित निगरानी की जाएगी। आशा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तथा माताओं व परिवार के सदस्यों के माध्यम से नवजात के स्वास्थ्य, देखभाल एवं आवश्यक सेवाओं की जानकारी ऐप पर दर्ज की जाएगी। इससे नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर समय से चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
ऐप के शुभारंभ के अवसर पर सीएचसी उतरौला में आशा एवं सीएचओ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें डॉ. यशवंत राव द्वारा ‘नन्हे-कदम’ ऐप के उपयोग, इसकी कार्यप्रणाली एवं नवजात शिशुओं की निगरानी के संबंध में विस्तृत जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के दौरान ऐप के माध्यम से प्राप्त अनुभवों एवं परिणामों का आकलन किया जाएगा। सफल परिणाम मिलने पर इस पहल को अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जा सकता है। शुरुआती दो माह में नवजात शिशुओं की समयबद्ध निगरानी एवं देखभाल सुनिश्चित कर शिशु मृत्यु दर में सुधार लाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

Related Articles

Back to top button