ऑपरेशन सतर्क: रेलवे सिग्नल केबल चोरी करते युवक गिरफ्तार, ₹21,840 की रेल संपत्ति बरामद

गोण्डा। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोण्डा, सीआईबी गोण्डा एवं टीओपीबी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत रेल संपत्ति चोरी करने वाले एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके कब्जे से 78 मीटर रेलवे सिग्नल केबल एवं केबल काटने में प्रयुक्त एक हेक्सा ब्लेड बरामद किया। बरामद रेल संपत्ति की कीमत 21,840 रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल गोण्डा महेंद्र प्रसाद दुबे के दिशा-निर्देशन तथा निरीक्षक आरपीएफ गोण्डा अनिरुद्ध राय के नेतृत्व में रेल संपत्ति चोरों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने गोण्डा रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड में आरओएच भवन के पास एक युवक को ठेले पर रेलवे सिग्नल केबल ले जाते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान उसे रात 9:40 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सचिन भारती 19 वर्ष पुत्र रंजीत भारती, निवासी ग्राम धनौली डीहवा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह चोरी की रेल संपत्ति को बेचकर नशे के लिए पैसों की व्यवस्था करता था।
बरामदगी
अभियुक्त के कब्जे से 78 मीटर सिग्नल केबल, दो टुकड़ों में तथा एक हेक्सा ब्लेड बरामद किया गया। रेल संपत्ति के संबंध में वैध प्रमाण-पत्र मांगे जाने पर अभियुक्त कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।
इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 10/26, धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत सचिन भारती के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रामदत्त प्रसाद, आरपीएफ पोस्ट गोण्डा द्वारा की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई में उप निरीक्षक मोहम्मद शमीम खान, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद तिवारी, एएसआई सोनू कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल विदेशी गुप्ता (आरपीएफ पोस्ट गोण्डा) तथा हेड कांस्टेबल बबलू कुमार सिंह (सीआईबी) शामिल रहे।



