सुलतानपुर में आंगनवाड़ी सम्मान एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

बदलता स्वरूप
सुलतानपुर। अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों के सम्मान तथा नव नियुक्त कार्यकत्रियों-सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सुलतानपुर में जनपद मुख्यालय एवं तहसीलवार सजीव प्रसारण किया गया। जिले की 1200 आंगनवाड़ी कार्यकत्री-सहायिकाओं एवं 50 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अयोध्या के मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी गरिमा सोनकिया सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने कार्यक्रम का प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने आंगनवाड़ी केन्द्रों को आधुनिक बनाने के प्रयासों की सराहना की। जयसिंहपुर में विधायक राज प्रसाद उपाध्याय व ब्लॉक प्रमुख राहुल चन्द्र शेखर शुक्ला, लंभुआ में विधायक प्रतिनिधि पंकज पटेल, भाजपा नेता लक्ष्मीकांत दुबे व प्रधान संघ अध्यक्ष कैलाश दूबेपुर तथा बल्दीराय में ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शहर, बल्दीराय, लंभुआ, कादीपुर एवं जयसिंहपुर की 8-8 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।




