जिलाधिकारी महोदय द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित।

नवीन सभागार में मा0 मुख्यमंत्री, उ0प्र0 के आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मान सम्मेलन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण देखा व सुना गया।


व्यूरो रिपोर्ट सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश अनिल जायसवाल


सुलतानपुर 08 सितम्बर/कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह एवं उपजिलाधिकारी गरिमा सोनाकिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सीआरओ, सीडीपीओ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में सीडीपीओ द्वारा जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी महोदय एवं उपजिलाधिकारी महोदया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरान्त जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी महोदय एवं उपजिलाधिकारी महोदया द्वारा गोद भराई कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मान सम्मेलन का मा0 मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किए गए सम्बोधन का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा शासन द्वारा उनके हित में किए जा रहे प्रयासों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।
तत्पश्चात जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं सुमन मौर्य, सुनीता चौधरी, शीला देवी, मंजू, अमीना खातून, विमला पाण्डेय, सुशीला, संगीता, सोना देवी, अंजली गुप्ता आदि को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के चेहरे पर खुशी एवं उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज के विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में उनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्य एवं जनसेवा के योगदान की उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
जिलाधिकारी ने मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में की गई वृद्धि पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित सचिव को अवगत कराएं, ताकि उसका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर जनपद से कुपोषण एवं एनीमिया जैसी गंभीर समस्याओं को समाप्त करने के लिए प्रभावी प्रयास करना है। साथ ही बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान देते हुए उनके बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करनी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित कराया जाएगा, जिससे वे अपने दायित्वों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
अन्त में सीडीपीओ द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

Related Articles

Back to top button