राष्ट्रीय रॉकबॉल में बाँदा का परचम रजत पदक विजेता खिलाड़ियों का BPMA में भव्य नागरिक अभिनंदन

जिला ब्यूरो चीफ सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट,
बांदा। बुंदेलखंड की खेल प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। तेलंगाना के मेडक में 6 से 8 सितंबर तक आयोजित 10वीं सीनियर राष्ट्रीय रॉकबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
बांदा लौटने पर भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी (BPMA), श्रीनाथ विहार, चिल्ला रोड में खिलाड़ियों का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। खेलप्रेमियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट, जूते, ट्रॉफी एवं फूलमालाएं भेंट कर सम्मानित किया।
BPMA के सात खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
राष्ट्रीय उपविजेता उत्तर प्रदेश टीम में BPMA से जुड़े कप्तान रिजवान खान, इरफान खान, सोहेल, नसरत खान, आफताब खान, आकाश कुमार और हर्षवर्धन ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे बांदा और बुंदेलखंड में खुशी का माहौल है।
खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले बांदा मिनी ओलंपिक में भी प्रतिभाग किया था। स्थानीय स्तर पर मिले प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव और नियमित अभ्यास का लाभ उन्हें राष्ट्रीय मंच पर मिला।
कोच हामिद खान को अंतरराष्ट्रीय रेफरी बनने पर सम्मान
समारोह में टीम के कोच हामिद खान का विशेष सम्मान किया गया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम का मार्गदर्शन करने के साथ ही उन्हें रॉकबॉल का अंतरराष्ट्रीय रेफरी नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि को बांदा के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
खिलाड़ियों की सफलता पर बोले चेयरमैन
BPMA चेयरमैन शिव शरण कुशवाहा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि रजत पदक खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बांदा के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को अगली प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए और मेहनत करने का आह्वान किया।
खेल जगत के लोगों ने बढ़ाया हौसला
समारोह में तथागत ज्ञानस्थली जब अतर्रा के संचालक शिवचरण कुशवाहा, उत्तर प्रदेश पैरा कराटे एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट साउदीउजमां खान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अमित सेठ ‘भोलू’, जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव शिवकुमार गुप्ता, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी सबल सिंह, पूर्व अभियोजन अधिकारी गजराज सिंह, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. इन्द्र वीर सिंह, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल सिंह यादव, उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल तथा जिला व्यायाम शिक्षक अमिता कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समारोह का संचालन महेश साहिल एवं महेश गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। अंत में BPMA संचालक अंकित कुशवाहा ने सभी अतिथियों और खेलप्रेमियों का आभार जताया।
राष्ट्रीय रजत पदक को मंजिल नहीं, स्वर्ण की ओर बढ़ता कदम बताते हुए खिलाड़ियों ने अगले लक्ष्य के लिए और मेहनत करने का संकल्प लिया।




