कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को लेकर बांदा में गरजा हिंदू समाज, निकली विशाल शोभायात्रा

ला ब्यूरो चीफ सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट बांदा
बांदा में राष्ट्र संत गोरक्षपीठाधीश्वर ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ के आह्वान पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को लेकर विशाल शोभायात्रा, महायज्ञ और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम मोहन धुरिया रहे।
रामलीला मैदान, माहेश्वरी देवी मंदिर रोड पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इसके बाद हजारों कार्यकर्ताओं ने भगवा ध्वज और पोस्टर-बैनर लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से शोभायात्रा निकाली। इस दौरान “कृष्ण जन्मभूमि मुक्त करो” और “मथुरा में भव्य मंदिर का निर्माण करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
श्याम मोहन धुरिया ने कहा कि मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ी इस मांग को सरकार गंभीरता से ले। कार्यक्रम के दौरान महंत अवैद्यनाथ जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित कर कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का संकल्प लिया गया। बाद में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।




