भिनगा में 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल का मासिक सैनिक सम्मेलन संपन्न

भिनगा, श्रावस्ती, ब्यूरो की रिपोर्ट

सशस्त्र सीमा बल की 62वीं वाहिनी, भिनगा के वाहिनी मुख्यालय में सोमवार को सितम्बर माह के सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता वाहिनी के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने की।

सम्मेलन के दौरान कमांडेंट ने वाहिनी के अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों से सीधा संवाद किया और उनकी व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में कमांडेंट ने सभी कार्मिकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण अनुशासन, सतर्कता, निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। सीमा सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर कमांडेंट ने सभी जवानों को कजरी तीज, गणेश चतुर्दशी एवं हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। हिंदी दिवस के अवसर पर बल के महानिदेशक द्वारा प्रेषित संदेश को पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने जवानों के मनोबल, आपसी समन्वय, टीम भावना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता पर जोर दिया।

सम्मेलन में पदोन्नत हुए बल कार्मिकों को कमांडेंट द्वारा नई रैंक लगाकर सम्मानित किया गया। वहीं हिंदी दिवस पर कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के बाद वाहिनी परिसर में ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी ने एक साथ भोजन किया।

इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी ललेंद्र रत्नाकर, उप कमांडेंट पीयूष सिन्हा, गोवर्धन पुजारी सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button