62वीं वाहिनी SSB भिनगा और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

प्रतिबंधित वन क्षेत्र में अवैध शिकार करने घुसा शिकारी गन और 33 मेटल पेलेट के साथ गिरफ्तार

श्रावस्ती ब्यूरो की रिपोर्ट

सशस्त्र सीमा बल की 62वीं वाहिनी भिनगा ने वन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित वन क्षेत्र में अवैध शिकार के उद्देश्य से प्रवेश करने वाले एक शिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 01 गन और 33 मेटल पेलेट बरामद हुए हैं।

जानकारी के अनुसार दिनांक 13.09.2026 को आसूचना शाखा, 62वीं वाहिनी भिनगा को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गन लेकर प्रतिबंधित वन क्षेत्र में पक्षियों के शिकार के लिए घुसा है। सूचना पर समवाय गुज्जरगौरी और वन विभाग पश्चिमी रेंज सोहेलवा, उत्तर प्रदेश की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

संयुक्त गश्ती दल ने गजरी नाला फॉरेस्ट एरिया में शाम लगभग 17:10 बजे संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से गन और मेटल पेलेट बरामद किए गए। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जलील खान के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह वन क्षेत्र से शिकार कर मदारगढ़ ले जाने वाला था।

इस कार्रवाई में 62वीं वाहिनी भिनगा की ओर से निरीक्षक (सामान्य) रहेश सिंह राणा, उप-निरीक्षक (सामान्य) हरेन्द्र सिंह, आरक्षी (सामान्य) रमेश यादव, आरक्षी (सामान्य) अतुल प्रताप सिंह एवं आरक्षी (सामान्य) संदीप कुमार तथा वन विभाग पश्चिमी रेंज सोहेलवा की ओर से उप-निरीक्षक अभिनाश कुमार और उप-निरीक्षक मुन्ना लाल शर्मा शामिल रहे।

बरामद गन और मेटल पेलेट सहित पकड़े गए शिकारी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए वन विभाग, पश्चिमी रेंज सोहेलवा को सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसबी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में वन एवं वन्यजीव संरक्षण तथा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button