गणेश चतुर्थी पर ढोल-डीजे के साथ निकली भव्य विघ्नहर्ता की झांकी
फतेहपुर।
गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर सोमवार को शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्री श्री हनुमान चौक मंदिर कमेटी की ओर से गणेश चतुर्थी के अवसर पर भव्य गणेश झांकी निकाली गई। झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे रास्ते भगवान गणेश के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय की अगुवाई में निकली झांकी में भांगड़ा, ढोल और डीजे की धुन आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्ति गीतों पर उत्साह के साथ झूमते नजर आए। युवाओं के साथ ही महिलाएं और बच्चे भी झांकी में शामिल रहे। भगवान गणेश की सुसज्जित प्रतिमा के दर्शन के लिए रास्ते में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। झांकी का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। लोगों ने भगवान गणपति की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। झांकी के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री हनुमान चौक मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जगन्नाथ, प्रबंधक कालका मोदनवाल, महामंत्री पप्पन रस्तोगी, कोषाध्यक्ष राजू पुरवार, शिवाकांत चौरसिया, सतीश गुप्ता, कार्तिक गुप्ता और विकास मोदनवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



