कोराई में दंगल का भव्य आयोजन, विजेता को आधा किलो चांदी का गदा और 51 हजार का नगद पुरुस्कार

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

फतेहपुर।
ग्राम सभा कोराई में स्वर्गीय बाबा ज्ञान सिंह पटेल की स्मृति में वर्षों से आयोजित हो रहे पारंपरिक दंगल का भव्य आयोजन किया गया। दंगल में दूर-दराज के विभिन्न राज्यों और जिलों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेच और शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
दंगल में पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, श्रीनगर, दिल्ली, लखनऊ, गाजियाबाद, हरिद्वार, अयोध्या सहित कई स्थानों से पहलवान पहुंचे। मुख्य मुकाबले में जम्मू-कश्मीर के पहलवान हैदर अली और लखनऊ के रवि के बीच जोरदार कुश्ती हुई। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर कई दांव आजमाए। प्रतियोगिता में बाबा लाड़ी पहलवान और श्रीराम पहलवान समेत अन्य पहलवानों ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। विजेता पहलवान को बीरू दुबे की ओर से चांदी का गदा और 51 हजार नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि स्वर्गीय बाबा ज्ञान सिंह पटेल की स्मृति में यह दंगल पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को इस खेल से जोड़ना है। अंत में समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों, पहलवानों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंत्री राकेश सचान, प्रधान प्रतिनिधि दीपेंद्र पटेल, राजेश अंबेडकर, एसडीओ विजय, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम से अमर सिंह, चुन्नू पासवान, दुर्गेश श्रीवास्तव, दीपक दुबे, तेलियानी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आशुतोष त्रिवेदी, राजा रंजीत सिंह पटेल, लवकुश सिंह पटेल, बुद्धन तिवारी और अजय पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button