लाखों कांवरियों एवं श्रद्धालुओं ने किया जिला अभिषेक, रेड क्रॉस ने लगाया स्वास्थ्य शिविर

बदलता स्वरूप
गोण्डा। कजरी तीज के अवसर पर लाखों कांवरियों एवं श्रद्धालुओं ने सरयू नदी से पवित्र जल लेकर भगवान शिव का अभिषेक किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गोण्डा की ओर से काली भवानी मंदिर के ठीक सामने स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही प्राथमिक उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
लंबी दूरी तक पैदल चलने के कारण कांवरियों के पैरों में छाले पड़ने तथा यात्रा के दौरान चोट लगने की स्थिति में स्वास्थ्य टीम द्वारा तत्काल फर्स्ट एड एवं उपचार किया गया। घावों की सफाई कर पट्टी बांधी गई और आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। जिलाधिकारी के निर्देशन में लगाए गए इस शिविर में श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका रंजन एवं रेड क्रॉस के सभापति तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी रही। शिविर में समय-समय पर जनपद के अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवा कार्यों की सराहना की। मुख्य राजस्व अधिकारी रिकी जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आपदा प्रबंधन अधिकारी तथा सीओ सिटी सहित अन्य अधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण किया।
शिविर को सफल बनाने में रेड क्रॉस सोसाइटी के उपसभापति प्रो. डॉ. शेर बहादुर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य के.बी. सिंह, पंकज सिन्हा, उपाध्यक्ष जसपाल सलूजा, कोषाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, डॉ. दिलीप शुक्ला, राजन श्रीवास्तव, मोहम्मद अफजल, अजीत सलूजा, प्रमोद नन्दन, ज्योति सिंह एवं अमित पांडेय सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भूपेन्द्र आर्य, मनीष मिश्रा ओंकार पाठक नीता सिंह एवं रेड क्रॉस की संरक्षिका डॉ. ज्योत्सना शुक्ला ने भी शिविर में पहुंचकर कांवरियों की सेवा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ अपनी एम्बुलेंस एवं दवा भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उपलब्ध कराई। शिविर में दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग आशा देव नर्सिंग होम एवं गोण्डा नर्सिंग होम के सहयोग से निःशुल्क कराई गई।
कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में पानी एवं बिस्किट की भी व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन के दौरान रेड क्रॉस के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहे। स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक उपचार, दवा, पेयजल, खाद्य सामग्री एवं एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

Related Articles

Back to top button