गोण्डा दिन भर की खबर

पिता की सजगता लाई रंग, बेटी ने दिया स्वस्थ बच्चे को जन्म
-समय पर जांच ने टाला बड़ा जोखिम, टीबी से उबरी गर्भवती महिला
गोंडा, 18 सितंबर 2026: छपिया ब्लॉक की 28 वर्षीय मालती के लिए तीसरी गर्भावस्था आसान नहीं थी। कई सप्ताह से बुखार उतर नहीं रहा था और खांसी भी बनी हुई थी। शरीर लगातार कमजोर हो रहा था। गांव के डॉक्टरों ने टायफाइड मानकर इलाज किया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
आखिरकार मालती के पिता श्यामलाल, जो पेशे से राजमिस्त्री हैं, ने मोबाइल पर बेटी के लक्षणों के बारे में खोजबीन शुरू की। टीबी की आशंका होने पर वह बेटी को लेकर तत्काल छपिया सीएचसी पहुंचे। जांच में फेफड़ों की टीबी की पुष्टि हुई। उस समय मालती करीब चार माह की गर्भवती थीं।
परिवार को चिंता थी कि टीबी की दवाओं से गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान न हो, लेकिन सीएचसी छापिया के चिकित्सकों ने सुरक्षित इलाज का भरोसा दिया। करीब छह माह चले नियमित उपचार के बाद मालती टीबी से पूरी तरह उबर गईं। इसी दौरान उन्होंने अस्पताल में अपने तीसरे बच्चे को जन्म दिया। अब बच्चा करीब साढ़े सात माह का है और पूरी तरह स्वस्थ है। जन्म से ही वह मां का दूध पी रहा है और स्तनपान अब भी जारी है।
इलाज में देरी बढ़ा सकती है जोखिम-
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा ने बताया कि गर्भावस्था में टीबी के इलाज में देरी से मां और बच्चे दोनों के लिए जोखिम बढ़ सकता है। मां में गंभीर एनीमिया और प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, जबकि शिशु में कम वजन और समय से पहले जन्म की आशंका रहती है।
इसके लिए प्रसव पूर्व जांच के लिए आने वाली हर गर्भवती में टीबी के संभावित लक्षणों की पहचान के निर्देश दिए गए हैं। आशा और एएनएम कार्यकर्ता दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन घटने और रात में पसीना आने जैसे लक्षणों पर नजर रखती हैं। लक्षण मिलने पर आगे की जांच के लिए भेजा जाता है।


1.61 लाख से अधिक गर्भवती की स्क्रीनिंग-

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मंडलीय प्रबंधक राहुल पटेल के मुताबिक अप्रैल से जुलाई के बीच देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में 1.61 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं की टीबी स्क्रीनिंग हुई। इनमें 281 में टीबी के संभावित लक्षण मिले। गोंडा में 65,787 की स्क्रीनिंग में 43, बहराइच में 51,707 में 13, बलरामपुर में 30,655 में 32 और श्रावस्ती में 13,527 गर्भवती महिलाओं में 193 में संभावित लक्षण पाए गए। सभी को जांच के लिए भेजा गया।

“गर्भावस्था में टीबी की समय पर पहचान और उपचार मां के साथ गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। मरीज को चिकित्सकीय सलाह के बिना दवाएं बीच में बंद नहीं करनी चाहिए। उपचार के दौरान निक्षय पोषण योजना के तहत हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की पोषण सहायता भी नियमित इलाज जारी रखने में मदद करती है।“
— डॉ. संतलाल पटेल, प्रभारी अपर निदेशक, देवीपाटन मंडल



🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿

एक हजार से अधिक युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने किया संवाद

बदलता स्वरूप
गौरा, गोण्डा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत आचार्य नरेंद्र देव किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बभनान में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में करीब 5 हजार युवाओं ने भाग लिया, जबकि एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों को मौके पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और युवाओं से संवाद कर उनके रोजगार, कौशल विकास एवं भविष्य की आकांक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर व नियुक्ति पत्र वितरित किए।
विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है। रोजगार मेले युवाओं और रोजगार देने वाली संस्थाओं के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंधक विजय कुमार पाण्डेय, प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. धर्मेंद्र कुमार शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा, सहायक निदेशक सेवायोजन गोंडा राजीव सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रिया गौतम, खंड विकास अधिकारी अभय सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।



🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿



तरबगंज में 114 शिकायतें पहुंचीं, 15 का मौके पर निस्तारण

डीएम प्रियंका निरंजन और एसपी अभिषेक झा ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

बदलता स्वरूप
गोण्डा। तहसील तरबगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुल 114 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 99 शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें। अवैध कब्जा, अतिक्रमण, तालाब, चकरोड और नाली से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई करे। निस्तारण की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। क्षय रोगियों को पोषण पोटली, वृद्धजनों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, पात्र परिवारों को पारिवारिक लाभ योजना के स्वीकृति पत्र, निराश्रित महिलाओं को पेंशन स्वीकृति पत्र, पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डेमो चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज सविता शुक्ला, तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक सुशील कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿


खेलों से सर्वांगीण विकास, लखीमपुर बना ओवरऑल चैंपियन

बदलता स्वरूप
गोण्डा। विद्या भारती के 37वें खेलकूद समारोह का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि खेल अनुशासन, संयम और व्यक्तित्व विकास का श्रेष्ठ माध्यम हैं। समारोह में लखीमपुर संकुल 214 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना। अंबेडकर नगर ने 208 पदकों के साथ दूसरा और लखनऊ ने 150 पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। आगामी 38वें खेलकूद समारोह की मेजबानी लखीमपुर संकुल करेगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता में अवध प्रांत के 13 जनपदों से 251 बालक, 184 बालिकाएं, 52 संरक्षक और 26 निर्णायकों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 57 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
साकेत संभाग 603 पदकों के साथ सर्वश्रेष्ठ संभाग रहा, जबकि लखनऊ संभाग दूसरे स्थान पर रहा। संचलन में लखीमपुर, उन्नाव और रायबरेली क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। अनुशासन में उन्नाव प्रथम, लखीमपुर द्वितीय और सीतापुर तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह में प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह, विभाग प्रचारक प्रवीण, प्रधानाचार्य रवि कुमार शुक्ला, अध्यक्ष राम प्रकाश गुप्ता, प्रबंधक राजेंद्र खुराना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿






गोंडा के अंकुर आर्य राष्ट्रीय सीबीएसई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग

गोंडा। जनपद गोंडा के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोंडा के कक्षा 10वीं के छात्र अंकुर आर्य का चयन राष्ट्रीय सीबीएसई ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 24 सितंबर 2026 तक बाल प्रोग्रेसिव स्कूल, पानीपत, हरियाणा में किया जाएगा। अंकुर आर्य अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग करेंगे।
अंकुर आर्य, रानीपुरवा, गोंडा के निवासी हैं। उन्होंने हाल ही में सीबीएसई ईस्ट ज़ोन ताइक्वांडो क्लस्टर प्रतियोगिता, भदोही में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया था। अंकुर ने प्रतियोगिता में लगातार 6 मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
अंकुर के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोंडा में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक सुजैन दत्ता एवं सचिव श्री सुमित दत्ता ने अंकुर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अंकुर को ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि एवं ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पायल दुबे ने अंकुर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों एवं खेल विभाग ने भी खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
अंकुर के कोच डा. प्रत्यूष राज ने बताया कि अंकुर एक प्रतिभावान एवं मेहनती खिलाड़ी हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित किए हैं और अपने खेल प्रदर्शन से गोंडा जनपद का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
अंकुर के राष्ट्रीय स्तर पर चयन पर उनके पिता हृदेश कुमार आर्य एवं माता संगीता आर्य ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व है और उन्हें उम्मीद है कि अंकुर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे। सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिवार एवं गोंडा के खेल प्रेमियों ने अंकुर आर्य को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿







‘रुक्मिणी के संग कृष्ण विवाह’ पर झूम उठा धर्मशाला परिसर

विवाह उत्सव में भजन-कीर्तन पर श्रद्धालुओं ने किया नृत्य…

गोण्डा।

रानी बाजार स्थित राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी जी के विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। प्रयागराज से पधारे कथा व्यास बालकृष्ण भार्गव जी महाराज ने अपनी ओजस्वी एवं मधुर वाणी से श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम, सत्य, विनम्रता और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी जी के विवाह का प्रसंग आया, पूरा धर्मशाला परिसर भक्तिमय उल्लास से भर उठा। विवाह उत्सव को लेकर कथा स्थल को रंग-बिरंगे वस्त्रों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी जी के स्वरूपों का विधिवत जयमाला कार्यक्रम हुआ। इसके बाद वैदिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं।
विवाह उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच जमकर नृत्य किया और ‘राधे-राधे’ तथा ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी जी के स्वरूपों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। महिलाओं एवं पुरुषों ने विवाह की खुशियां भक्तिभाव के साथ मनाईं।
कथा व्यास बालकृष्ण भार्गव जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी का विवाह केवल एक वैवाहिक प्रसंग नहीं, बल्कि सच्चे प्रेम, समर्पण और अटूट भक्ति का प्रतीक है। रुक्मिणी जी ने पूर्ण श्रद्धा के साथ भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य माना और भगवान ने भी उनकी भक्ति को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में अहंकार का त्याग कर धर्म, सत्य और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
कथा के समापन पर विधिवत आरती हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने शांतिपूर्वक श्रीमद्भागवत कथा का रसास्वादन किया और भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी के विवाह उत्सव में सहभागिता की।
इस अवसर पर पंकज मोदी, दीपक मोदी, लिटिल मोदी, डॉ. सुमित मोदी, रमेश अग्रवाल, पवन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, रिक्की अग्रवाल, गोपाल डिडवानिया, हरिराम नेवटिया, विमल केजरीवाल, प्रेमलता मोदी, सुनीता अग्रवाल,सलोनी मोदी, डॉ टीना बंसल मोदी,सरला डिडवानिया, शिवांगी मोदी, गोल्डी अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, नीतू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿




विश्वकर्मा जयंती पर श्रद्धा से हुई पूजा-अर्चना

रामजन्म तिवारी
बदलता स्वरूप, गोण्डा।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
इसी क्रम में वेलसर रोड स्थित जगदम्बा शरण सिंह कॉलेज के समीप दिनेश फर्नीचर हाउस में विश्वकर्मा जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रतिष्ठान की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में दिनेश शर्मा, जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र कुमार पांडेय जी लल्लन मिश्र राम कुमार शर्मा, रावेंद्र दूबे, गोलू शुक्ला अंकित तिवारी अजय प्रताप दूबे, विजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।




🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿




खेलों से बनता है स्वस्थ शरीर, मजबूत मन और सशक्त युवा- विधायक प्रेम नारायण पांडे

गोण्डा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन, समर्पण एवं गरीब कल्याण के गौरवशाली 25 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आज विधानसभा क्षेत्र तरबगंज के किसान बालिका इंटर कॉलेज, थाना मोड़ में विद्यालय द्वारा आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे सम्मिलित हुए।

विधायक श्री पांडे द्वारा इस दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 1600 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, लंबी कूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक प्रेम नारायण पांडे ने कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और मानसिक दृढ़ता के निर्माण का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। नियमित खेलकूद युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री अजय सिंह पिंटू, चेयरमैन तरबगंज कमलेश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष आशीष दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीनारायण पाण्डेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष के.सी. सिंह, आईटी सेल शिवम सिंह राजा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿





विश्व मंच ब्राजील पर चमका गोण्डा का सितारा, 20 देशों के बीच जादूगर मिस्टर इंडिया बने चैंपियन

गोण्डा। ग्राम पंचायत हरदिहा सपौर, विकासखंड परसपुर, जनपद गोण्डा के निवासी ख्याति प्राप्त इंटरनेशनल जादूगर मिस्टर इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। ब्राजील की मेजबानी में आयोजित ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय जादू प्रतियोगिता चैंपियनशिप ब्राजील–2026 में प्रमाण-पत्र के अनुसार उन्हें प्रथम स्थान विजेता चैंपियन घोषित किया गया। प्रमाण-पत्र के अनुसार प्रतियोगिता में 20 देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें ब्राजील, भारत, अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मैक्सिको, अर्जेंटीना, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, इटली, रूस, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं।
जादूगर मिस्टर इंडिया को उत्कृष्ट जादू कला, रचनात्मकता, प्रदर्शन तथा जादू कला के प्रति समर्पण के लिए यह उपलब्धि प्रदान किए जाने का प्रमाण-पत्र में उल्लेख है। प्रमाण-पत्र 30 अगस्त 2026 को जारी किया गया है।
हरदिहा सपौर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय करने वाले जादूगर मिस्टर इंडिया की इस उपलब्धि से परसपुर और पूरे गोण्डा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने भारतीय जादू कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की उनकी निरंतर यात्रा में एक और अध्याय जोड़ दिया है।
🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿



संतुलित आहार से ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की नींव : डॉ. रमा मौर्या


गोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज, गोण्डा में पोषण पखवाड़े के अंतर्गत गृह विज्ञान विभाग द्वारा “पोषण एवं संतुलित आहार” विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रमा मौर्या रहीं।
कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती रंजना बंधु, सुनीता मिश्रा एवं सुषमा सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. रमा मौर्या का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. रमा मौर्या ने संतुलित आहार के अर्थ, आवश्यकता और महत्त्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार का अर्थ महंगे खाद्य पदार्थों का सेवन करना नहीं है। घर की रसोई और आसपास के खेतों में उपलब्ध अनाज, दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल तथा अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को उचित मात्रा और अनुपात में शामिल कर कम खर्च में भी संतुलित एवं पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है।
उन्होंने छात्राओं को आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन एवं अन्य खनिज तत्वों की शरीर में भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयरन की कमी से एनीमिया, कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जबकि कैल्शियम हड्डियों एवं दांतों को मजबूत रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, गुड़, चना, तिल, दूध, दही तथा मौसमी फलों को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी।
डॉ. रमा मौर्या ने कहा कि एक स्वस्थ एवं सुपोषित महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। परिवार की महिलाएं जब अपने पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगी, तभी वे पूरे परिवार के स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख सकेंगी। उन्होंने छात्राओं को नियमित समय पर भोजन करने तथा जंक फूड, अत्यधिक तले-भुने और पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से बचने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने डॉ. रमा मौर्या के ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी व्याख्यान के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद मुख्य अतिथि को सुंदर पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज एडमिन डॉ. आनंदिता रजत सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संतुलित आहार, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿🧿




गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ दी गई अंतिम विदाई

चार दिन तक विधि-विधान से हुआ पूजन-अर्चन, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना

गोण्डा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर आवास विकास प्रथम स्थित हर्ष लतिका के आवास पर चार दिनों तक विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भगवान गणेश का पूजन-अर्चन किया गया। पांचवें दिन शुक्रवार को गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के बीच नम आंखों से भगवान गणेश को अंतिम विदाई दी।
विसर्जन से पूर्व श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए उत्साह और श्रद्धा के साथ प्रतिमा को विसर्जन कर्नलगंज के सरजू घाट में विसर्जित किया गया ।
इस अवसर पर दुर्गेश श्रीवास्तव, सोनिका, देवेश, पूनम, अश्विन श्रीवास्तव, साधना पंकज सिन्हा, अरविन्द श्रीवास्तव गप्पू भईया, विवेक श्रीवास्तव,पूजा, दिनेश श्रीवास्तव , अन्जू, राजन श्रीवास्तव ,गगन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। विसर्जन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष भगवान गणेश के पुनः आगमन की कामना की।

Related Articles

Back to top button