गोंडा मनोरंजन संस्थान में आधुनिक ‘मल्टीप्ले स्टेशन’ स्थापित

गोंडा। पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल प्रशासन द्वारा रेल परिवार के बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में गोंडा स्थित मनोरंजन संस्थान में बच्चों के लिए आधुनिक ‘मल्टीप्ले स्टेशन’ स्थापित किए गए हैं। इन मल्टीप्ले स्टेशनों में 3 से 15 वर्ष तक बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक एवं सुरक्षित झूले, स्लाइड्स, टनल स्लाइड, स्पाइरल स्लाइड आदि की सुविधा उपलब्ध है। रंग-बिरंगे इस स्टेशन पर एक समय में लगभग 50 बच्चे खेल-खेल में शारीरिक व्यायाम एवं मनोरंजन कर सकेंगे।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेल प्रशासन का उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना तथा बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना है। मनोरंजन संस्थान में बच्चों के मनोरंजन, व्यक्तित्व विकास तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ‘मल्टीप्ले स्टेशन’ को लगाया गया है। इससे बच्चों को न केवल मनोरंजन मिल रहा है, बल्कि उनका सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हो रहा है।
मनोरंजन संस्थान की इस नई सुविधा से संस्थान में आने वाले बच्चों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। झूले पर खेलने के लिए सभी बच्चे अपनी बारी आने का इंतजार काफी उत्साहपूर्वक करते हैं। गोण्डा परिक्षेत्र में बच्चों के मनोरंजन हेतु इस तरह की आधुनिक सुविधा होने से अभिभावकों ने भी रेल प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। अब मनोरंजन संस्थान मे सुबह तथा शाम के समय लगभग 100 से 150 बच्चे प्रतिदिन इस झूले का आनन्द उठा रहें हैं।




