स्वस्थ परिवार के निर्माण में महिला की भूमिका महत्वपूर्ण- डॉ आरती श्रीवास्तव

पौष्टिक एवं संतुलित आहार पर छात्राओं ने लगाई आकर्षक प्रदर्शनी
गोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पी.जी. कॉलेज, गोण्डा के गृह विज्ञान विभाग की ओर से सोमवार को “पौष्टिक एवं संतुलित आहार” विषय पर ज्ञानवर्धक एवं आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “यदि महिला स्वस्थ है, तभी पूरा परिवार स्वस्थ रह सकता है।” छात्राओं ने विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों एवं व्यंजनों के माध्यम से संतुलित आहार के महत्व को समझाया।प्रदर्शनी का आयोजन गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती रंजना बंधु के नेतृत्व में असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमती सुषमा सिंह एवं श्रीमती सुनीता मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें बी.ए. प्रथम वर्ष तथा एम.ए. प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।छात्राओं ने अनाज, विभिन्न प्रकार के मोटे अनाज यानी मिलेट्स, दालों, हरी सब्जियों सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री से अनेक स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। प्रदर्शनी में आटे एवं गेहूं से तैयार हलवा, उबले चने, उबली मटर तथा मिलेट्स और हरी सब्जियों से बने विभिन्न व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। छात्राओं ने बताया कि संतुलित आहार में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन, खनिज तत्व, रेशे तथा पर्याप्त मात्रा में जल का समुचित समावेश आवश्यक है।सभी व्यंजनों को स्वच्छता के साथ आकर्षक एवं कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी के दौरान महाविद्यालय प्रबंधतंत्र की सदस्य श्रीमती दीपाली मोदी, श्रीमती गुंजन शाह एवं श्रीमती पूजा छाबड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने छात्राओं के साथ संवादात्मक सत्र में संतुलित आहार, पोषक तत्वों तथा शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक खाद्य पदार्थों से संबंधित प्रश्न पूछे। छात्राओं ने आत्मविश्वास एवं विषयगत ज्ञान के साथ प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए।कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, शिक्षिकाओं एवं उपस्थित सदस्यों ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया और उनके स्वाद, पौष्टिकता, स्वच्छता तथा आकर्षक प्रस्तुतीकरण की सराहना की।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने छात्राओं एवं गृह विज्ञान विभाग की पूरी टीम को सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ परिवार के निर्माण में महिला की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार एवं समाज में पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।इस अवसर पर व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता रजत सहित विभिन्न विभागों की शिक्षिकाएं एवं महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं के ज्ञान, रचनात्मकता, परिश्रम एवं पौष्टिक व्यंजनों के सौंदर्यपूर्ण प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की।




