तालाब में दिखा आठ फीट से लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

जरवल रोड संवाददाता बहराइच। जरवलरोड चौराहे से सुरजी पुरवा जाने वाले मार्ग पर निकट स्थित तालाब में रविवार को मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ की लंबाई आठ फीट से अधिक बताई जा रही है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।वन विभाग को करीब 11 बजे तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली। इसके बाद डिप्टी रेंजर अहमद हसन, रेंजर ओंकार नाथ यादव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तालाब की निगरानी शुरू की।वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए तालाब में जाल लगाया है। टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपयुक्त स्थान पर पहुंचाया जा सके। मगरमच्छ के दिखाई देने के बाद आसपास के लोगों को तालाब के पास न जाने की सलाह दी गई है। तालाब के आसपास न जाने के लिए पंपलेट लगाकर जागरूक किया गया है। मगरमच्छ को पकडने के लिए वन विभाग ने पिंटू वर्मा, कैलाश जायसवाल, गजेंद्र सिंह, हर्षित सिंह (टीएसए) को मौके पर तैनात किया है।



