अयोध्या न्यूज़ अपडेट 22/09/26

आरएम के निर्देश के बाद भी नहीं चलीं अकबरपुर-बभनान व किछौछा-बलरामपुर बसें

सभासद आरती जायसवाल ने परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री से शिकायत की दी चेतावनी

गोसाईंगंज, अयोध्या। ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधा के लिए बस संचालन को लेकर दिए गए निर्देशों के बावजूद अकबरपुर डिपो से प्रस्तावित बस सेवाएं शुरू न होने का मामला सामने आया है। गोसाईंगंज नगर पंचायत की सभासद एवं जय बाबा अमरनाथ बर्फानी सेवा समिति की अध्यक्ष आरती जायसवाल की मांग पर क्षेत्रीय प्रबंधक अयोध्या ने 29 अगस्त 2026 को पत्र जारी कर अकबरपुर से बभनान-बस्ती तथा किछौछा से बढ़नी मार्ग पर बस संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

बताया गया कि पत्र में टांडा, महबूबगंज और गोसाईंगंज होते हुए बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी शामिल था। निर्देश जारी हुए तीन सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी बस संचालन शुरू नहीं होने से यात्रियों को अतिरिक्त समय और किराया खर्च कर वाया अयोध्या आवागमन करना पड़ रहा है।

सभासद प्रतिनिधि दिनेश कुमार जायसवाल ने बताया कि उन्होंने एआरएम अकबरपुर से दूरभाष पर बस संचालन के संबंध में जानकारी ली, जिस पर उन्हें पिछले सप्ताह आदेश जारी किए जाने की बात बताई गई। इसके बावजूद अभी तक बस सेवा शुरू नहीं हुई है।

आरती जायसवाल ने कहा कि यदि जल्द बस संचालन शुरू नहीं किया गया तो वह मामले की लिखित शिकायत परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री से करेंगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शीघ्र बस सेवा शुरू किए जाने की मांग की है।

अयोध्या में सपा महानगर कमेटी का पुनर्गठन: श्याम कृष्ण श्रीवास्तव बने अध्यक्ष, हामिद जाफर मीसम महासचिव और चौधरी श्रीचंद यादव को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव की स्वीकृति और प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल के निर्देश पर अयोध्या समाजवादी पार्टी महानगर कमेटी का मनोनयन पत्र जारी कर दिया गया है। पार्टी ने एक बार फिर पुराने और अनुभवी चेहरों पर भरोसा जताते हुए श्याम कृष्ण श्रीवास्तव को महानगर अध्यक्ष, हामिद जफर मीसम को महानगर महासचिव और चौधरी श्रीचंद यादव को महानगर उपाध्यक्ष के पद पर दोबारा ताजपोशी की है।
पार्टी प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि इन तीनों पदाधिकारियों के मनोनयन से अयोध्या जिले के नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों में भारी उत्साह है और सभी ने एक स्वर में इस निर्णय का स्वागत किया है। नेताओं का मानना है कि इनके नेतृत्व में अयोध्या महानगर संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी।
2027 के चुनावों को लेकर हुंकार
सपा नेताओं ने विश्वास जताया है कि इन पदाधिकारियों के कुशल नेतृत्व में अयोध्या जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही, प्रदेश में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाकर राज्य में अमन-चैन और विकास की धारा को फिर से कायम किया जाएगा।
प्रमुख नेताओं ने दी बधाई
पुनर्निवाचन और मनोनयन पर खुशी जाहिर करने वालों में प्रमुख रूप से अयोध्या सांसद श्री अवधेश प्रसाद पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव एवं पूर्व मंत्री रुस्दी साहब हाजी फिरोज खान ‘गब्बर’ और जिला अध्यक्ष जय सिंह राणा प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट एवं विधानसभा अध्यक्ष रक्षा राम यादव महिला महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल सहित तमाम अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

अयोध्या में होम्योपैथी का बढ़ता क्रेज राजकीय चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह की ओपीडी में उमड़ रही मरीजों की भीड़

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्य। धर्मनगरी अयोध्या में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक सकारात्मक और उत्साहजनक बदलाव देखने को मिल रहा है। इन दिनों शहर में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति मरीजों का विश्वास तेजी से बढ़ा है, जो वर्तमान में स्थानीय नागरिकों के बीच विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग गंभीर व पुरानी बीमारियों से राहत पाने के लिए होम्योपैथी का रुख कर रहे हैं और स्वस्थ होकर अपने घर लौट रहे हैं। इस बदलाव के केंद्र में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी और होम्योपैथिक स्किन एंड न्यूरो केयर सेंटर के संचालक डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह (बीएमएस, मेडिसिन गोल्ड मेडलिस्ट) का कुशल उपचार है। उनकी ओपीडी में लगातार मरीजों की संख्या में इज़ाफा दर्ज किया जा रहा है। खासकर चर्म रोग (स्किन) और स्नायु तंत्र (न्यूरो) से जुड़ी जटिल समस्याओं से पीड़ित मरीज उनके पास बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं तथा सटीक एवं दुष्प्रभाव-मुक्त इलाज का लाभ उठा रहे हैं। स्थानीय निवासियों और ठीक होकर लौटे मरीजों का कहना है कि डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह का मरीजों को सुनने का धैर्य, रोग की गहराई तक जाकर उसकी जड़ को समाप्त करने की शैली और उनकी गोल्ड मेडलिस्ट विशेषज्ञता ने होम्योपैथी के प्रति लोगों का भरोसा और अधिक मजबूत कर दिया है। उपचार पाकर संतुष्ट हुए मरीजों द्वारा दूसरों को प्रेरित किए जाने के कारण ओपीडी में प्रतिदिन नए रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

बुलडोजर कार्रवाई से पीड़ित परिवारों से मिले सपा नेता, अखिलेश यादव से कराई बात

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के नाम पर घरों और दुकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
सपा नेताओं ने की पीड़ितों से मुलाकात पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ और महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की महानगर कमेटी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान महासचिव हामिद जाफर मीसम, उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव और प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। नेताओं ने बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली। अखिलेश यादव से कराई फोन पर बात दौरे के दौरान पूर्व मंत्री पवन पांडे ने भाजपा के पूर्व सभासद मुरारी यादव और अन्य पीड़ित परिवारों की सीधी बातचीत समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कराई। राष्ट्रीय अध्यक्ष को पूरी घटना से अवगत कराया गया है। सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुश्किल वक्त में पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और आखिरी दम तक उनका साथ देगी। सपा नेताओं का आरोप है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद प्रशासन ने गैर-कानूनी तरीके से घरों और दुकानों पर बुलडोजर चलाया। एक पीड़ित परिवार के घर में शादी थी, बावजूद इसके बिना किसी पूर्व सूचना के घर गिरा दिया गया, जिससे जेवरात और अन्य कीमती सामान मलबे में दब गए। पूर्व भाजपा सभासद मुरारी यादव का घर टूटने के दौरान उन्हें कथित तौर पर कस्टडी में रखा गया और घर टूटने के बाद छोड़ा गया। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब सत्ताधारी दल के पूर्व सभासद सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या हाल होगा। सपा ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के बाद घरों से जनरेटर और एसी जैसी कीमती वस्तुएं उठा ली गईं। पार्टी ने मांग की है कि ऐसे अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को दोबारा मकान बनाकर दिए जाएं। इस मौके पर प्रदेश सचिव राम अचल यादव, पूर्व मंत्री अमृत राजपाल, संजय सिंह, शैलेंद्र श्रीवास्तव, भानु प्रताप सिंह, अनिल यादव, देवा श्रीवास्तव, प्रदीप यादव और अभय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button