गोण्डा न्यूज़ बुलेटिन 23sep26

मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक इशरत फातिमा ने रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता रैली निकालकर यात्रियों को किया जागरूक

बदलता स्वरूप
गोण्डा। रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता के प्रति यात्रियों को जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक इशरत फातिमा के नेतृत्व में स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली के दौरान रेलवे स्वास्थ्य निरीक्षक राहुल अपने कर्मचारियों के साथ यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य निरीक्षक ने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें। इस दौरान स्वच्छता से संबंधित नारे भी लगाए गए।
रैली में रेलवे कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन के लिए यात्रियों की सहभागिता बेहद जरूरी है, इस दौरान मंडल वाणिज्य निरीक्षक गोंडा संजय कुमार,विनोद कुमार शुक्ला मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य रंगोली कार्यक्रम हुआ आयोजित

जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने किया कार्यक्रम का किया अवलोकन

बदलता स्वरूप
गोण्डा। जनपद में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवा संकल्प अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इण्टर कालेज के परिसर में भव्य रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनआरएलएम विभाग के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों, माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों तथा उद्यान विभाग द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियों का निर्माण किया गया। परिसर में भारत मंडल रंगोली, सेवा संकल्प अभियान की रंगोली तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं पर आधारित रंगोलियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया। रंगोलियों ने विद्यालय परिसर की सुंदरता को भी आकर्षक रूप प्रदान किया तथा उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
कार्यक्रम का जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा जिलाध्यक्ष भाजपा अकबाल बहादुर तिवारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा अवलोकन किया गया। उन्होंने परिसर में बनाई गई विभिन्न रंगोलियों को देखा तथा प्रतिभागियों द्वारा किए गए रचनात्मक प्रयासों की जानकारी ली। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा उत्साहपूर्वक किए गए प्रतिभाग की सराहना की गई।
रंगोली के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं सेवा संकल्प अभियान के संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने की पहल को कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण माना गया। विद्यार्थियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से विभिन्न योजनाओं और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम ने विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय और सहभागिता को प्रदर्शित किया। प्रतिभागियों ने सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चन्द्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा अकबाल बहादुर तिवारी, महामंत्री राकेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

तेरही में जाने से रोकने पर सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप

जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन बोले- शोक कार्यक्रम में जाने से रोकना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण

रईश अहमद
बदलता स्वरूप
गोंडा। स्व. विनोद सहनी की तेरही में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा सपा जिलाध्यक्ष हुसैन सहित जनपद के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना इंसानियत को शर्मसार करने वाला कृत्य है। पुलिस को आगे करके समाजवादियों को डराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन समाजवादी पार्टी डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के विरोध में दिनभर उनके आवास पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी स्व. विनोद सहनी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा करती है।

मसकनवा चौकी प्रभारी सुरेश यादव को भावपूर्ण विदाई, कार्यशैली की हुई सराहना

रईस अहमद
मसकनवा। चौकी प्रभारी सुरेश यादव के जनपद गोंडा से जनपद गोरखपुर स्थानांतरण के बाद बुधवार को मसकनवा पुलिस चौकी में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिसकर्मियों, पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने सुरेश यादव के कार्यकाल में उनके कुशल नेतृत्व, अनुशासन, संवेदनशील व्यवहार और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की।
इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चौकी प्रभारी को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया तथा नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एसआई वंशीधर तिवारी, दीवान श्याम प्रकाश यादव, दीपक, सिपाही निलेश यादव, पत्रकार गंगाराम यादव, संजय यादव, अखिलेश यादव, अजेंद्र सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, विक्की गुप्ता, ओम सोनी, अनुपम गुप्ता, गुड्डू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

लोधियाना के युवक का शव तालाब में मिला

गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के धनौली ग्राम के एक तालाब में पंजाब प्रांत के लोधियाना जिले के सिंघवा बेट थाना के जगरनवा गांव के निवासी 40 वर्षीय भिरेन्दे कुमार पुत्र इकबाल सिह का शव पानी में तैरता हुआ मिला।जिस से गांव में हड़कंप मच गया। उसके पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। मौके पर सोनी गुमटी चौकी प्रभारी संदीप कुमार पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। मृतक युवक कम्पाइंड मशीन बहराइच के रास्ते से नेपाल गया था वहीं से वापस घर आ रहा था। पुलिस ने उसकी पहचान कराने के बाद उसकी मौत की सूचना घर वालो को दिया है।

ट्रैक्टर ट्राली की आमने सामने टक्कर से कैशियर की मौत, कंप्यूटर ऑपरेटर घायल

बदलता स्वरूप
गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ मार्ग स्थित मंगलवार की देर रात्रि करीब 9 बजे एस सी पी एम चौकी के पास एक पैथालोजिक सेंटर के कैशियर प्रमोद कुमार कंप्यूटर ऑपरेटर मो हसन एक ही बाइक पर सवार हो कर एस सी पी एम कालेज एक युवक से मिलने के लिए जा रहे थे। लखनऊ की तरफ से आ रही एक टैक्टर ट्राली ने आमने से टक्कर मार दिया जिस से कैशियर प्रमोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मो हसन गंभीर रूप से घायल हो गई।इलाज के लिए मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया।हालत खराब होने पर उस को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के इमलिया गुर दयाल गांव के निवासी 30 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र छांगुर शहर के महराज गंज निवासी 25 वर्षीय मो हसन पुत्र अफजल मंगलवार की देर रात्रि करीब 9बजे एक ही बाइक पर सवार हो कर लखनऊ हाइवे एस सी पी एम कालेज जा रहे थे। एस सी पी एम चौकी के पास लखनऊ की तरफ से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने जोर दार टक्कर मार दिया। जिस से दोनो सड़क पर ही गिर गए। चौकी के सिपाही और आसपास के ग्रामीणों ने दोनों को इलाज के लिए एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजवाया। चिकित्सक ने देखने के बाद प्रमोद कुमार को मृत्यु घोषित कर दिया। मो हसन की हालत खराब होने पर उस को लखनऊ रेफर किया गया। मृतक के भाई मनोज कुमार ने बताया कि वह तीन भाई थे।जिस में सब से बड़ा खुद इस के बाद विनोद कुमार और मृतक प्रमोद कुमार था। मृतक के भाई ने बताया को प्रमोद कुमार कैशियर और उस का साथी मो हसन कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर निजी पैथालोजिकल सेंटर पर नौकरी करते थे।घटना की खबर घर पर मिलते ही मृतक प्रमोद कुमार की मां सरस्वती देवी का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भेजा है।

पुलिस की मुठभेड़ में एक गौ तस्कर को लगी गोली, दो को घेरा बंदी कर पकड़ा

बदलता स्वरूप
गोंडा। कटरा बाजार पुलिस एस ओ जी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही में रात्रि चेकिंग के दौरान बनगांव से कटराबाजार आने वाली रोड पर पुलिस मुठभेड के दौरान गौतस्कर कबीउल्लाह पुत्र सुभान उल्लाह गोली लगने से घायल हो गया। सुहेल पुत्र हफ़ीजुल शमी पुत्र ननकू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा एक जिन्दा कारतूस, एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया गया।
श्रवण कुमार शुक्ला पुत्र राम राखन शुक्ला ग्राम टेपरा मगुरही थाना कटराबाजार द्वारा लिखित तहरीर दी गई कि मंगलवार को वह गाय का बछिया को खेत में चरने हेतु खूंटा में बांधकर आया था। शाम को वापस लेने गया तो गाय की बछिया वहां से गायब थी जिसके संबंध में कुछ लोगों पर उनकी गाय की बछिया को काटकर उसका मांस बेचने का संदेह है। तहरीर के आधार पर थाना कटरा बाजार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश एवं सघन चेकिंग अभियान चला चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना कटराबाजार पुलिसएसओजी।सर्विलांस की संयुक्त टीम द्वारा बनगांव से कटराबाजार रोड पर सघन वाहन चेकिंग की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर तीन सवार व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। जिसमें मोटरसाईकिल सवार व्यक्ति द्वारा स्वयं को घिरता हुआ पाकर मोटरसाईकिल छोडकर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में शातिर गौ तस्कर कबीउल्लाह के पैर में गोली तथा सुहेल व शमी भागने का प्रयास किए जिन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को जिला अस्पताल उपचार हेतु भर्ती कराया गया। पुलिस उनके कब्जे से एकअवैध तमंचा एक खोखा एक जिन्दा कारतूस, एक सुपर मोटरसाईकिल एक बड़ा धारदार चाकू मोटरसाइकिल की डिग्गी से बरामद किया गए। अभियुक्तों के खिलाफ में मुकदमा दर्ज कर के गिरफ्तार किया गया।

Related Articles

Back to top button