गोण्डा न्यूज़ बुलेटिन 26sep26

गोंडा के मुनव्वर खान बने आरपीएफ के डीआईजी एवं प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त
भुवनेश्वर स्थित ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन की आरपीएफ सुरक्षा व्यवस्था की मिली जिम्मेदारी
गोंडा। जनपद के लिए गौरव का विषय है कि महारानीगंज निवासी मुनव्वर खान को 23 सितंबर 2026 को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में डीआईजी एवं प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (Deputy Inspector General-cum-Principal Chief Security Commissioner) के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें भुवनेश्वर स्थित ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन की आरपीएफ सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारतीय रेलवे के जोनल स्तर पर प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (पीसीएससी) आरपीएफ के जोनल प्रमुख अधिकारी होते हैं और अपने संबंधित रेलवे जोन में रेलवे सुरक्षा बल की सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व करते हैं। मुनव्वर खान को इसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तहत भुवनेश्वर जोन में तैनाती मिली है।
मुनव्वर खान की प्रारंभिक शिक्षा गांधी विद्यालय रेलवे इंटर कॉलेज से हुई। इसके बाद उन्होंने टामसन इंटर कॉलेज तथा लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की। आगे उन्होंने जामिया से उच्च शिक्षा हासिल की और वहीं सेवा भी की। इसी दौरान उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी की। यूपीएससी के माध्यम से उनका चयन आरपीएफ में हुआ और सहायक कमांडेंट के पद से उनकी सेवा यात्रा शुरू हुई।
इसके बाद उन्होंने आरपीएफ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के रूप में जयपुर, जगाधरी, जबलपुर और हावड़ा सहित कई महत्वपूर्ण मंडलों में सेवाएं दीं। अब उन्हें जोनल स्तर पर डीआईजी एवं प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही गोंडा में उनके साथ शिक्षा ग्रहण करने वाले मित्रों एवं परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने कहा कि मुनव्वर खान बचपन से ही मेधावी रहे हैं और विभिन्न विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ रही है।
उनकी उपलब्धि पर पत्रकार पवन जायसवाल, मुख्य हित निरीक्षक पूर्वोत्तर रेलवे संतोष कुमार गुप्ता, रेल चालक सुधीर सिंह, सैयद फरहत अली (अमेरिका), प्रोफेसर डॉ. कमरुल हसन, वीरेंद्र गुप्ता, डॉ. यासिर खान, ध्रुव चंद्र शुक्ला, हरि नारायण अवस्थी, बच्चा जायसवाल, फहीम खान, नीरज श्रीवास्तव, संजीव शर्मा, अल्ताफ हुसैन, अमित शर्मा, अमित कुमार गुप्ता (अंबेडकर नगर), तनवीर, जहरूल सहित तमाम लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

तेज हवाओं और बारिश से जगह-जगह गिरे पेड़, कई मार्गों पर आवागमन बाधित
बदलता स्वरूप
गोण्डा। जनपद के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। परसपुर-बालपुर मार्ग पर इंडिया इंडियन स्कूल के निकट सड़क पर विशाल पेड़ गिर जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
पेड़ गिरने के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, रोडवेज बस को भी गोण्डा वापस लौटना पड़ा, जबकि मार्ग से गुजर रहे तमाम अन्य वाहनों को भी वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। पेड़ के सड़क पर गिरने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र पेड़ हटवाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।

प्राथमिक विद्यालय परेड सरकार में मूल भवन के पुनर्निर्माण का हुआ शिलान्यास
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने किया भूमि पूजन, विद्यालय स्टाफ रहा मौजूद
बदलता स्वरूप
गोण्डा। विकासखंड झंझरी के प्राथमिक विद्यालय परेड सरकार में शनिवार को विद्यालय के मूल भवन के पुनर्निर्माण का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
शिलान्यास के अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय विद्या का मंदिर होता है। यहां बच्चे शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने भविष्य की नींव मजबूत करने तथा नई सोच के साथ जीवन में प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण को बच्चों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश सिंह ने कहा कि विद्यालय का मूल भवन जर्जर अवस्था में था। बच्चों की सुरक्षा एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण के दृष्टिगत भवन का पूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाना आवश्यक था।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन गणेश गुप्ता, आनंद सिंह तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर के विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय के अध्यापकों द्वारा मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापक रीना यादव, नेहा तिवारी, अनामिका मिश्रा, सुशीला यादव, सीमा देवी, लविशा घावरी तथा शिक्षामित्र प्रतिमा एवं ज्योति सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया।

छिनैती के तीन आरोपी गिरफ्तार, कैमरे और मोबाइल बरामद
स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद, मनकापुर पुलिस ने आरोपियों को भेजा न्यायालय
गोण्डा। थाना कोतवाली मनकापुर पुलिस ने छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो डीएसएलआर कैमरे मय सेटअप, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को शुभम गुप्ता निवासी ग्राम देविया बक्स पांडे, थाना पैकोलिया, जनपद बस्ती अपने साथी संदीप गुप्ता के साथ करौहानाथ मंदिर, मछली बाजार में कैमरे से फोटो खींचने आए थे। वापस लौटते समय मनकापुर-मसकनवा मार्ग पर मसकनवा की ओर से आई कार में सवार चार अज्ञात लोगों ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें कैमरा रखा था।
घटना के संबंध में शुभम गुप्ता की तहरीर पर थाना मनकापुर में मु0अ0सं0 357/26, धारा 304(2), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
26 सितंबर को वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ज्ञानीपुर रामप्रसाद स्थित आईटीआई मोड़ के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन लाल चौहान पुत्र धर्मराज, निवासी सुकरौली पांडे, थाना परशुरामपुर, जनपद बस्ती; करन पुत्र घिराहु, निवासी देविया बक्स पांडे, थाना पैकोलिया, जनपद बस्ती; तथा अभि पांडे उर्फ गोलू पुत्र स्वर्गीय करुणा निधान पांडे, निवासी सुकरौली पांडे, थाना परशुरामपुर, जनपद बस्ती के रूप में हुई।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामप्रकाश चंद, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल दिनेश यादव, हरिपाल वर्मा, इंद्रेश कुमार और सचिन कुमार शामिल रहे।


जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
दीवानी कचहरी के पास युवक पर हुआ था हमला, कोतवाली नगर पुलिस ने अमन ओझा को दबोचा
गोण्डा। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय रवाना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को शिवेन्द्र कुमार मिश्र ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दीवानी कचहरी गेट नंबर-2 की रोड पर नंदू होटल के पास उनके छोटे भाई सत्यम मिश्र पर अनिल ओझा, सुरेन्द्र ओझा, देवेन्द्र ओझा, अमन ओझा निवासी माधवपुर गजाधरपुरवा तथा पांच अज्ञात लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडा, भाला, हंसिया, चाकू और रिवाल्वर आदि से हमला कर दिया।
तहरीर के मुताबिक, हमलावरों ने चाकू से सत्यम मिश्र के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि घटना के दौरान गाली-गलौज करते हुए पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
26 सितंबर को वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आसरा आवास के सामने, सिविल लाइन के पास से आरोपी अमन ओझा पुत्र अनिल ओझा निवासी माधवपुर गजाधरपुर, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में मु0अ0सं0 0887/2026, धारा 109(1), 308(2), 191(2), 191(3), 115(2), 351(3), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय रवाना किया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नितिन उपाध्याय, कांस्टेबल विनय प्रताप और कांस्टेबल नीरज कुमार शामिल रहे।
गोंडा जंक्शन पर रेलवे अधिकारियों ने ली स्वच्छता की शपथ
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत रेल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का लिया संकल्प
बदलता स्वरूप
गोण्डा। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अंतर्गत गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा-स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ के तहत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक विकास कुमार, स्टेशन अधीक्षक राय सिंह मीना, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ अनिरुद्ध राय, मंडल वाणिज्य निरीक्षक संजय कुमार, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला, इशरत फातिमा, मुख्य टिकट निरीक्षक आशा, प्लेटफॉर्म निरीक्षक पंकज श्रीवास्तव एवं इरफान उल्ला सहित अन्य रेलकर्मियों ने दाहिना हाथ आगे बढ़ाकर स्वच्छता की शपथ ली। रेल अधिकारियों ने यात्रियों से भी स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।




