अयोध्या न्यूज़ अपडेट

सपा नेताओं ने कहा 2027 में व्यापारी वर्ग बनाएगा समाजवादी पार्टी की सरकार
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। स्थानीय समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शनिवार को पीडीए व्यापारी मंडलीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महासचिव हामिद जाफर मीसम ने किया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन पांडे’ मुख्य रूप से मौजूद रहे, जबकि इसका आयोजन राष्ट्रीय सचिव व्यापार सभा जनार्दन पांडे ‘बब्लू पंडित’ और महानगर अध्यक्ष व्यापार सभा शक्ति जायसवाल द्वारा किया गया।
व्यापारी उत्पीड़न का आरोप: सपा प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने जानकारी दी कि मुख्य अतिथि मनीष जगन अग्रवाल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज समाज में सबसे ज्यादा उत्पीड़न व्यापारियों का हो रहा है। व्यापारी कभी जीएसटी तो कभी यूपीआई के नाम पर ठगा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या और बनारस में व्यापारियों की दुकानें उजाड़ दी गईं, लेकिन उन्हें कोई मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि यही पीड़ित व्यापारी वर्ग वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा। हमअयोध्या के व्यापारियों के दर्द को उठाया विशिष्ट अतिथि प्रदीप जायसवाल ने कहा कि आज अयोध्या का व्यापारी बेहद परेशान है। रामपथ निर्माण के दौरान सभी दुकानें उजाड़ दी गईं। हाल ही में सब्जी मंडी चौक और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर एक भाजपा नेता का भी मकान तोड़ दिया गया, जिसके बाद उन्हें धरने पर बैठना पड़ा। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री पवन पांडे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने व्यापारियों की पीड़ा को प्रमुखता से उठाया और उनकी आर्थिक मदद भी की। सपा हर पीड़ित की आवाज पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा हर पीड़ित के साथ खड़ी है। जब 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के पीड़ितों की आवाज समाजवादी पार्टी ने उठाई, तब जाकर भाजपा नेताओं की नींद खुली। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार इतनी ही ईमानदार थी, तो मकान तोड़ने से पहले मुआवजा क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी आखिरी दम तक व्यापारी समाज के साथ मजबूती से खड़ी है।
प्रमुख रूप से उपस्थित लोग
इस सम्मेलन में जिला अध्यक्ष जय सिंह यादव, उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव, प्रदेश सचिव राम अचल यादव, मो. हलीम पप्पू, प्रवक्ता राकेश यादव, जसवीर सिंह सेठी, के.के. गुप्ता, अमृत राजपाल, शादाब खान, पल्लव खेतान, गोकुल चंद्र कौशल, गंगा शंकर साहू, निर्मल वर्मा, अपर्णा जायसवाल, रियाज अहमद, राकेश पांडे, राजमनी साहू, अजय चौरसिया, अली सईद खान, वैभव गुप्ता, सुरेंद्र यादव चेयरमैन, अमन सागर, विशाल दुबे, करन सेठी, सूर्यकांत पांडे, लड्डू लाल यादव, अंसार अहमद बबन, मारूफ, इफ्तिखार, विवेक यादव, प्रदीप यादव, रवि यादव, रमेश यादव, धर्मेंद्र सिंह, सुमित यादव, युवराज यादव, आनंद मोटवानी, जय प्रकाश रस्तोगी, आनंद गुप्ता और इंद्रजीत यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अयोध्या के महावीर पुरम में बदहाल रास्ते और जलभराव से जीना दूभर, कीचड़ भरे गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे लोग
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या नगर निगम अयोध्या के अंतर्गत आने वाली महावीर पुरम कॉलोनी में इन दिनों झमाझम बारिश के बाद नरकीय स्थिति बनी हुई है। क्षेत्र में पक्की सड़क का निर्माण न होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पूरी कॉलोनी कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। हालात यह हैं कि स्थानीय लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। दुश्वारियां और हादसे कॉलोनीवासियों का कहना है कि जरा सी बारिश में ही रास्ते तालाब का रूप ले लेते हैं। मुख्य मार्ग पर कीचड़ भरे गहरे गड्ढों के कारण आए दिन लोग फिसलकर गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं। इस रास्ते से दोपहिया, चार पहिया वाहन तो दूर, साइकिल चलाना और पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। रोजमर्रा का जरूरी सामान लाने के लिए लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार लोग बाजार से राशन या अन्य सामान लेकर आते वक्त इन गड्ढों में गिर जाते हैं, जिससे उनका सामान भी खराब हो जाता है। रात के अंधेरे में स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो जाती है, जिससे अनहोनी का खतरा बना रहता है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम के महापौर और क्षेत्र के पार्षद से पुरजोर मांग की है कि इस समस्या पर अति शीघ्र ध्यान दिया जाए। कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र में जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी (नाली) की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है, ताकि लोग दिन के उजाले के साथ-साथ रात के समय भी सुरक्षित अपने घरों तक पहुंच सकें।




