*मारुति कुंज-नया गांव में 66 केवी HT लाइन के स्थानांतरण की मांग तेज*

मारुति कुंज-नया गांव में 66 केवी HT लाइन के स्थानांतरण की मांग तेज
(सोहना विधायक तेजपाल तंवर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का किया अनुरोध)
गुरुग्राम, 26 सितंबर 2026:
मारुति कुंज-नया गांव, भोंडसी क्षेत्र से होकर गुजर रही 66 केवी हाई टेंशन (HT) ट्रांसमिशन लाइन को स्थानांतरित करने की मांग को लेकर क्षेत्र के निवासियों विनोद कुमार (अध्यक्ष पीजेकेएस),एस. एन. साहू, राहुल सौरभ, ताराचंद तिवारी एवं राम प्रकाश यादव ने विधायक श्री तेजपाल सिंह तंवर को ज्ञापन सौंपकर गुहार लगाते हुए सरकार से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सोहना विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री तेजपाल सिंह तंवर ने भी हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 66 केवी HT ट्रांसमिशन लाइन मारुति कुंज-नया गांव, भोंडसी से होकर गुजर रही है, जिसके कारण स्थानीय क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा प्रभावित हो रहा है। पत्र में जनसुरक्षा, आवासीय विकास तथा आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों को लेकर उत्पन्न हो रही चिंताओं का उल्लेख किया गया है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि वर्तमान ट्रांसमिशन लाइन के एलाइनमेंट के कारण आवासीय क्षेत्र, सड़क एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा, लाइन के आवासीय क्षेत्रों के ऊपर अथवा निकट से गुजरने के कारण स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
निवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण कराया जाए तथा 66 केवी HT लाइन के सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से उपयुक्त वैकल्पिक एलाइनमेंट की व्यवहार्यता का परीक्षण किया जाए। तकनीकी रूप से संभव होने पर लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
विधायक तेजपाल तंवर ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध करते हुए अपने पत्र में कहा है कि क्षेत्र की जनहित से जुड़ी इस मांग पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित विभाग को मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाए।
क्षेत्र के निवासियों ने विधायक द्वारा मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
निवासियों ने यह भी कहा कि वे संबंधित विभाग द्वारा अपेक्षित सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं प्रक्रियाओं को पूरा करने तथा लाइन के स्थानांतरण की संभावित प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए तैयार हैं।
अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि यह विषय क्षेत्र के निवासियों की सुरक्षा और भविष्य के विकास से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया।





