‘दिल का रखिए ध्यान, नहीं रहेंगे परेशान’—विश्व हृदय दिवस पर हिन्द हॉस्पिटल ने निकाली जागरूकता रैली

डॉ. पंकज श्रीवास्तव बोले—स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी करें जागरूक, युवा भी तेजी से हो रहे हृदय रोग के शिकार

बाराबंकी। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट, हिन्द मेडिकल कॉलेज एवं हिन्द हॉस्पिटल, सफेदाबाद में लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में पैरामेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ मेडिकल छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।रैली में हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई।हिन्द हॉस्पिटल हार्ट इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “दिल का रखिए ध्यान, नहीं रहेंगे परेशान।” उन्होंने कहा कि हृदय रोग अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। समय रहते जागरूकता, नियमित जांच और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव हृदय रोगों से बचाव में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं जागरूक रहने के साथ दूसरों को भी हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट की डॉ. गुंजन सिंह ने कहा कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए समय निकालना जरूरी है। उन्होंने नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट हिन्द हॉस्पिटल की चेयरपर्सन रिचा मिश्रा ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक हृदय स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, तनाव, खान-पान में बदलाव और शारीरिक सक्रियता की कमी से हृदय रोगों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने बाराबंकी सहित पूर्वांचल में विभिन्न संस्थाओं और विद्यालयों में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर जोर दिया।हिन्द हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अमोद कुमार सचान ने लोगों से हृदय की सेहत को नजरअंदाज न करने की अपील करते हुए नियमित जांच, संतुलित खान-पान और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।रैली को सफल बनाने में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव कृष्ण चौधरी, डॉ. तारिक अली, डॉ. राहुल, राजेश चौहान, राघवेंद्र, मुदित, रवि, अली, अर्चना, सोनल, श्याम नंदन तिवारी, माड़वी सिंह, जनरल मैनेजर राजा अंसारी, अमित सिंह सहित नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता केवल विश्व हृदय दिवस तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।

Related Articles

Back to top button