रेल परिवार के नन्हे-मुन्नों को समर्पितः ऐशबाग में शुरू हुआ आकर्षक ‘मल्टीप्ले स्टेशन’

लखनऊ। रेलकर्मियों के परिवारजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल ने एक और कदम बढ़ाया है। ऐशबाग स्थित मनोरंजन केन्द्र में बच्चों के लिए अत्याधुनिक ‘मल्टीप्ले स्टेशन’ स्थापित किया गया है। बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए बनाए गए इस स्टेशन में टनल स्लाइड, स्पाइरल स्लाइड, ब्रिज, क्लाइम्बिंग नेट सहित कई प्रकार के रंग-बिरंगे एवं आकर्षक झूले लगाए गए हैं। 3 से 15 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 50 बच्चे एक साथ इस पर खेल का आनंद ले सकते हैं। मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें आउटडोर गतिविधियों से जोड़ना हमारा उद्देश्य है। यह मल्टीप्ले स्टेशन न केवल बच्चों के मनोरंजन का साधन बनेगा, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगा। मनोरंजन केन्द्र में इस नई पहल से बच्चों में जबरदस्त उत्साह है। वर्तमान में सुबह-शाम प्रतिदिन 100 से 150 बच्चे इसका लाभ ले रहे हैं। अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए मण्डल प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।



