मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने बनारस–झूंसी रेलखंड का किया निरीक्षण

बदलता स्वरूप वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ बनारस–झूंसी रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने झूंसी, हंडियाखास और भीटी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और रेल संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रकाश व्यवस्था और परिसर की साफ-सफाई की स्थिति देखी गई। मंडल रेल प्रबंधक ने पैनल इंटरलॉकिंग, संकेतक, संचार उपकरण, आपातकालीन बटन और अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता की जांच की। हंडियाखास स्टेशन पर रिले रूम, बैटरी रूम, आईपीएस रूम, एक्सल काउंटर और डाटा लॉगर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन मास्टरों एवं पॉइंट्समैन से परिचालन नियमों की जानकारी ली और कर्मचारियों की तत्परता तथा अभिलेखों की जांच की।मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करने, स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और सभी संरक्षा उपकरणों को कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रेल परिचालन में संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर पुष्पेंद्र बैस, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक डी.के. सिंह, सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर गोपाल दास गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।




