गोंडा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

राशिद और छोटू उर्फ सुल्तान पकड़े गए, आभूषण, 4,800 रुपये नकद और सिक्के बरामद
गोंडा, 16 अक्टूबर। कोतवाली नगर पुलिस ने लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, आवास विकास क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, 4,800 रुपये नकद और 634 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को हजारी लाल गुप्ता निवासी लक्ष्मणपुरी कॉलोनी अपनी पत्नी के साथ काम पर गए थे। दोपहर में लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और सामान अस्त-व्यस्त था। चोर घर से 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा संख्या 0947/2026 दर्ज किया गया।
16 अक्टूबर को उपनिरीक्षक पिण्टू कुमार यादव की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे न्यू इंदिरा नगर कॉलोनी जाने वाली कच्ची सड़क के किनारे से दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी में मंगलसूत्र, कान के झाले, पायल, पीली धातु का गिलास, सिक्के और नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद पुत्र सिद्दिक और छोटू उर्फ सुल्तान पुत्र स्वर्गीय दीन मोहम्मद, निवासी न्यू इंदिरा नगर कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम: उपनिरीक्षक पिण्टू कुमार यादव, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार नायक, हेड कांस्टेबल विपिन पाण्डेय और कांस्टेबल पियूष गोस्वामी।


