सहकारी गन्ना समिति के चुनाव में सभी पदों पर निर्विरोध होना तय

बदलता स्वरूप कर्नलगंज, गोंडा। सहकारी गन्ना विकास समिति कर्नलगंज मुख्यालय भंभुआ के प्रबंध समिति का चुनाव सभी पदों पर निर्विरोध हुआ। वहीं अध्यक्ष पद पर पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह के छोटे भाई चंद्रेश प्रताप सिंह की पत्नी आरती सिंह निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। बुधवार को होने वाले डायरेक्टर पद का चुनाव 9 पदों पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। सहकारी गन्ना विकास समिति कर्नलगंज मुख्यालय भंभुआ प्रबंध कमेटी के 9 डायरेक्टर निर्विरोध घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि सहकारी गन्ना विकास समिति कर्नलगंज भंभुआ में कुल सदस्यों की संख्या 245 है जिसमें 185 सदस्य हुए हैं। 60 पद अभी भी रिक्त चल रहे हैं। डायरेक्ट पद का चुनाव होना था जो सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचित किए गए। जिसमें हीरापुर कमियार से सरजू प्रसाद, राजेपुर मलौली से राजेश कुमार, मौहर से राजेंद्र प्रसाद, नकहरा से रीतू सिंह, बेलहरी से राम रंग, पसका से सुरेश सिंह, जहांगीरवा से आरती सिंह, आटा से बुधराम और रेक्सडिया से जगपाल सिंह का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। अध्यक्ष पद का चुनाव बृहस्पतिवार को है। हालांकि सभी डायरेक्टर पदों का चुनाव निर्विरोध होने के बाद अब अध्यक्ष पद पर सभी की निगाहें टिकी हुई है। जिसमें पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह के छोटे भाई चंद्रेश प्रताप सिंह की पत्नी आरती सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। क्योंकि गन्ना समिति की स्थापना के बाद से अब तक लगातार योगेश प्रताप सिंह के परिवार में ही इस समिति के अध्यक्ष पद की कुर्सी हमेशा से रही है।