बदलता स्वरूप गोंडा। जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य को करवाचौथ पर लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। वह छुट्टी लेकर लखनऊ में आशियाना स्थित अपने घर गए थे। करवा चौथ की पूजा के दौरान मनोज परिवार के साथ छत पर खड़े थे तभी गोली लग गई। किराएदार उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए थे। सूचना पर इंस्पेक्टर आशियाना भी मौके पर गए थे। वहां उन्हें गोली का खोखा भी मिला था। इलाज के बाद मनोज ने इंस्पेक्टर को तहरीर भी दी,जिसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। यह आरोप मनोज मौर्य ने लगाया है। फिलहाल वह स्वस्थ हैं और अपनी ड्यूटी पर हैं। मिली जानकारी के मुताबिक लखनऊ में एलडीए कॉलोनी सेक्टर-ए निवासी मनोज कुमार के मुताबिक 20 अक्टूबर को वह गोंडा से लखनऊ आए थे। रात करीब नौ बजे पत्नी संध्या, किराएदार मुकेश शर्मा और उनकी पत्नी के साथ पूजा के लिए मनोज भी छत पर गए थे। वह मुकेश से खड़े होकर बात कर रहे थे। अचानक से कंधे में जलन महसूस हुई और खून बहने लगा,जिसे देखकर सब लोग घबरा गए। शर्ट हटाने पर दाहिने कंधे में छेद नजर आया और बुलेट नीचे फर्श पर जा गिरी। मनोज ने बताया कि इंस्पेक्टर आशियाना को घटना की जानकारी देते हुए फर्श पर गिरी बुलेट भी सौंपी गई थी। मनोज कुमार मौर्य ने आरोप लगाया है कि घटना के पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। कंधे पर गोली का जख्म होने के बाद भी जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य शनिवार की सुबह विकास भवन स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ मीटिंग करके विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इसके बाद वह निरीक्षण के लिए निकल गए। बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य ने करवाचौथ पर लखनऊ में गोली लगने की पुष्टि की है। श्री मौर्य ने बताया कि बताया कि लखनऊ में करवा चौथ के दिन मकान की छत पर परिवार के साथ पूजन कर रहे थे। अचानक उनके सीने के ऊपरी हिस्से में जोरदार धक्का लगा जिसकी चर्चा की तो परिवार के लोगों ने कहा कि कंधे के बगल शर्ट में छेद हो गया है। शर्ट निकाला तो हल्का सा खून बह रहा था। साथ ही एक बुलेट भी गिरी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं और काम कर रहा हूं। यह भी बताया कि इस घटना को लेकर उन्हें किसी पर शक नहीं है। वह खुद भी हतप्रभ हैं कि उन्हें गोली कैसे लगी। उनका कहना है कि घटना महज इत्तेफाक थी। जिला कार्यक्रम अधिकारी का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal