एम्स इंटर कॉलेज गोंडा में अभिभावक बैठक के साथ हुई चित्रकला प्रतियोगिता

सभी 21 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर किया गया सम्मानित
गोंडा। एम्स इंटर कॉलेज गोंडा में द्वितीय शनिवार को अभिभावक बैठक के साथ कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 21 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने एक से बढ़़कर एक सुंदर चित्र बनाए।प्रतियोगिता में अविरत तिवारी ने प्रथम, समिष्ठा गुप्ता ने द्वितीय और अनुष्का गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी 21 बच्चों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ।विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अभय श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें नई दक्षताओं को विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। विद्यालय का प्रयास रहता है कि बच्चों को सामान्य गतिविधियों से अलग कुछ नया सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिले।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अभिभावकों की एक कमेटी ने बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही, प्रतिभागियों से उनके चित्रों से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए। इसके बाद प्रतिभा और प्रस्तुति के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं का चयन किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने, आत्मविश्वास विकसित करने और उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








