त्योहारों से पहले गोण्डा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 160 किलो घी सीज

करनैलगंज व बालपुर बाजार में छापेमारी, घी के दो नमूने संग्रहित; कुट्टू और सिंघाड़े के आटे की भी जांच

बदलता स्वरूपगोण्डा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने करनैलगंज और बालपुर बाजार में छापेमारी की। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान घी के दो नमूने संग्रहित किए गए, जबकि गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर लगभग 160 किलोग्राम घी सीज कर दिया गया।निरीक्षण के दौरान करनैलगंज बाजार में विकास कुमार शुक्ला के प्रतिष्ठान से घी के दो नमूने लिए गए। साथ ही, संदिग्ध गुणवत्ता के आधार पर लगभग 160 किलो घी सीज किया गया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।इसी क्रम में टीम ने बालपुर बाजार में कुट्टू के आटे का नमूना संग्रहित किया। अंश मणि त्रिपाठी के प्रतिष्ठान समेत अन्य दुकानों पर कुट्टू एवं सिंघाड़े के आटे की गुणवत्ता की भी जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि कुट्टू का आटा वातावरण से नमी अवशोषित कर सकता है। ऐसे में इसे लंबे समय तक भंडारित करने से बचना चाहिए। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई कि आटे की गुणवत्ता और ताजगी पर ध्यान दें तथा सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही इस्तेमाल करें।अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, मनीष मल्ल, अंकुर मिश्रा एवं नन्द किशोर यादव शामिल रहे। अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्रा के निर्देश में यह कार्रवाई की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मिलावट या अन्य अनियमितताओं की आशंका होने पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button