डिजिटल मास कम्युनिकेशन के वितरित किए गए प्रमाणपत्र

डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित
बदलता स्वरूपगोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज, गोण्डा के रेडियो ज्ञानस्थली 89.6 एफएम में एटीसी लैब्स, नोएडा के सौजन्य से संचालित छह माह के डिजिटल मास कम्युनिकेशन सर्टिफिकेट कोर्स के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर देवीपाटन मंडल के डीआईजी श्री अशोक कुमार शुक्ला ने कोर्स पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में आयुषी पाठक, ललिता गुप्ता, श्रद्धा गंगवार, निधि सिंह, अखिलेश्वरी श्रीवास्तव, सुहानी, संध्या, जिज्ञासा श्रीवास्तव, सौम्या, सृष्टि सिंह एवं वैष्णव सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावसायिक पाठ्यक्रम युवाओं को नई दिशा देने के साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ाते हैं।अपने संबोधन में डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि डिजिटल मास कम्युनिकेशन का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। वर्तमान समय में मीडिया और संचार के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं, ऐसे में युवाओं के लिए तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और मीडिया के क्षेत्र में उपलब्ध नई संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
छह माह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को रेडियो प्रसारण, एंकरिंग, समाचार लेखन, वीडियो एवं ऑडियो एडिटिंग, संपादन, व्यक्तित्व विकास तथा डिजिटल मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण देने वालों में आरजे अदनान, एडिटर हरिओम, डॉ. तन्वी जायसवाल, आरजे मनु, आरजे उन्नति, स्नेहा दास एवं एडिटर रचना शामिल रहे। प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से विद्यार्थियों को मीडिया के क्षेत्र में कार्य करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में मार्गदर्शन प्रदान किया।इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव तथा रेडियो ज्ञानस्थली 89.6 एफएम की निदेशक डॉ. आनंदिता रजत उपस्थित रहीं। वहीं, एटीसी लैब्स के सीईओ एवं प्रेसिडेंट डॉ. दीपेन सिन्हा, जो वर्तमान में अमेरिका में हैं, ने कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने कौशल को व्यावसायिक अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया।




