परीक्षार्थियों के लिए रेलवे की बड़ी सुविधा, गोरखपुर-लखनऊ और लखनऊ-बरेली के बीच चलेंगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक अलग-अलग तिथियों में होगा संचालन, गोण्डा सहित कई स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
बदलता स्वरूप | लखनऊ, 23 अक्टूबर। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा 24 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक गोरखपुर-लखनऊ और लखनऊ-बरेली के बीच अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों से परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।गोरखपुर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल: गाड़ी संख्या 05007 का संचालन 24 और 31 अक्टूबर को होगा। यह गोरखपुर से रात 8:35 बजे चलकर आनंदनगर, सिद्धार्थनगर, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर, गोण्डा, करनैलगंज, बुढ़वल और बाराबंकी होते हुए सुबह 4:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05008 का संचालन 25 अक्टूबर और 1 नवंबर को होगा। यह लखनऊ से रात 8:55 बजे चलकर गोण्डा से रात 11:45 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।लखनऊ-बरेली परीक्षा स्पेशल: गाड़ी संख्या 05011 का संचालन 24, 29 और 31 अक्टूबर को होगा। यह लखनऊ जंक्शन से रात 11:35 बजे चलकर सीतापुर, लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी और पीलीभीत होते हुए सुबह 7:45 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05012 का संचालन 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को होगा। यह बरेली से शाम 6 बजे चलकर अगले दिन सुबह 3 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।दोनों मार्गों की सभी विशेष ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10 और एसएलआरडी के 2 कोच सहित कुल 12 कोच लगाए जाएंगे। रेल प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने की अपील की है। ट्रेनों की लाइव स्थिति के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है।



