27 भ्रमण शिविरों में 1311 रेलकर्मियों ने किए धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा कर्मचारी कल्याण निधि के अंतर्गत रेलकर्मियों के लिए संचालित भ्रमण शिविर योजना के तहत अब तक 1311 कर्मचारी धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं। इनमें 1021 पुरुष और 290 महिला कर्मचारी शामिल हैं।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में 22, 23, 24 और 27 अक्टूबर को 203 महिला एवं पुरुष रेलकर्मियों को अयोध्या भ्रमण कराया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने श्रीराम मंदिर, हनुमानगढ़ी, लता चौक और सरयू तट स्थित रामघाट के दर्शन किए।

8 अप्रैल 2026 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 27 भ्रमण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें अयोध्या, नैमिषारण्य, श्रावस्ती और कतर्नियाघाट का भ्रमण शामिल है। अक्टूबर माह में सर्वाधिक 12 शिविर आयोजित किए गए।

मंडल प्रशासन ने आगामी दिनों में ‘एक दिन, एक भ्रमण’ का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि अधिक से अधिक रेलकर्मी इस योजना का लाभ उठा सकें। डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि योजना का उद्देश्य कर्मचारियों का तनाव कम करना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से जोड़ना तथा आपसी समन्वय और टीम भावना को बढ़ावा देना है।

Related Articles

Back to top button