पूर्वोत्तर रेलवे की सराहनीय पहल, 23 दिव्यांग कर्मचारियों को मिली कस्टमाइज्ड स्कूटी

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने वितरित किए वाहन, ड्यूटी पर आने-जाने और कार्यस्थल पर आवागमन में मिलेगी सुविधा
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने दिव्यांग रेल कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए कर्मचारी कल्याण निधि से स्वीकृत 23 कस्टमाइज्ड स्कूटी का वितरण किया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने डीआरएम कार्यालय परिसर में कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर वाहन प्रदान किए।
इस अवसर पर डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि कस्टमाइज्ड स्कूटी मिलने से दिव्यांग कर्मचारियों को ड्यूटी पर आने-जाने के साथ कार्यस्थल पर आवागमन में भी आसानी होगी। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और कार्य करने में सुविधा मिलेगी। लाभार्थी कर्मचारियों ने रेल प्रशासन के इस मानवीय एवं कल्याणकारी कदम के लिए आभार जताया।
गोण्डा और बलरामपुर के कर्मचारी भी लाभान्वित
वाहन प्राप्त करने वालों में गोण्डा के मो. बबलू (टेक्नीशियन), जय प्रकाश पासवान (टीटीआई) तथा बलरामपुर के शिवम चौरसिया (सहायक, टीआरडी) शामिल हैं। इनके अलावा सुरेन्द्र कुमार, शमीम अहमद, अब्दुल कादिर अली, राजेश कुमार रावत, सुमेर कुमार, बृजेश कुमार शुक्ला, सुनील कुमार मिश्रा, मेराजुल हक सिद्दीकी, प्रमोद कुमार, शम्भू शरण यादव, दीपांकर कुमार, कौशलेश कुमार सिंह, मनोज कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश पटेल, राणा राघवेन्द्र सिंह, नथ्थू लाल, सियाराम, विजय कुमार, मनोज कुमार मौर्य और ओमकार को भी कस्टमाइज्ड स्कूटी प्रदान की गई।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा), वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, मंडल कार्मिक अधिकारी, सहायक कार्मिक अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव, रेलवे यूनियनों के पदाधिकारी तथा रेलकर्मी उपस्थित रहे। रेल प्रशासन ने भविष्य में भी कर्मचारी हित में ऐसे कल्याणकारी कदम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।



