त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए गोरखपुर स्टेशन पर तैयारियों का निरीक्षण

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने होल्डिंग एरिया, प्लेटफार्म और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, 24 घंटे निगरानी के लिए बनाए गए वार रूम

लखनऊ, 04 नवंबर। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने अपर मंडल रेल प्रबंधक भुवनेश सिंह एवं संबंधित अधिकारियों के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अस्थायी होल्डिंग एरिया, मल्टीलेवल पार्किंग, गेट नंबर 1 एवं 6, प्लेटफार्म नंबर 1, 2 और 9, वीआईपी एसी लाउंज, रेलवे सुरक्षा बल वार रूम तथा निर्माणाधीन स्थायी होल्डिंग एरिया का जायजा लिया।

उन्होंने होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता और सूचना व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही प्लेटफार्मों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग और यात्री सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की निगरानी के लिए मंडल नियंत्रक कक्ष लखनऊ तथा गोरखपुर स्टेशन पर 24 घंटे संचालित वार रूम बनाए गए हैं। इनमें शिफ्टवार रेलवे अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

डीआरएम ने निर्माणाधीन स्थायी होल्डिंग एरिया का कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button