मंडल रेल प्रबंधक ने रेलकर्मियों एवं यात्रियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

सुरक्षित एवं सुखद रेल यात्रा के लिए यात्रियों से रेल नियमों का पालन करने की अपील
बदलता स्वरूप लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने दीपावली के पावन पर्व पर समस्त रेल कर्मचारियों, रेल उपयोगकर्ताओं एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए त्योहार को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया।मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने सम्मानित रेल यात्रियों से अपील की कि भारतीय रेल राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति है, जिसके संरक्षण एवं सुरक्षित उपयोग की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने यात्रियों से रेल परिसर एवं यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा ऐसा कोई कार्य न करने का अनुरोध किया, जिससे स्वयं अथवा अन्य यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो। उन्होंने विशेष रूप से ज्वलनशील एवं प्रतिबंधित पदार्थ लेकर रेल यात्रा न करने तथा रेलवे प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने एवं उतरने का प्रयास न करें तथा ट्रेन के पायदान एवं छत पर लटककर यात्रा करने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुट ओवर ब्रिज का ही उपयोग करें। इसके साथ ही स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे संपत्ति को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचाने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या एवं अतिरिक्त यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा प्रमुख नगरों के लिए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन का विकल्प उपलब्ध कराया जा सके। मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा की पूर्व योजना बनाएं, उपलब्ध विशेष ट्रेनों में अग्रिम आरक्षण कराएं तथा अनावश्यक भीड़ एवं असुविधा से बचें।अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी रेल यात्रियों एवं रेलकर्मियों से सुरक्षित, स्वच्छ एवं जिम्मेदार रेल यात्रा की परंपरा को मजबूत बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया तथा सभी को दीपावली की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं दीं।




