प्रहलाद दामोदरदास मोदी के 75वें जन्मदिन पर केक काटकर मनाया उत्सव, 13 नवंबर से लगेगा निःशुल्क योग चिकित्सा शिविर

वृद्धों, असहायों और जरूरतमंदों को तीन दिनों तक मिलेगी निःशुल्क योग चिकित्सा सेवा
लखनऊ। योग कायाकल्प एवं योग सोशल सोसायटी के वरिष्ठ संरक्षक प्रहलाद दामोदरदास मोदी के 75वें जन्मदिन पर संस्था के सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर 13, 14 और 15 नवंबर को तीन दिवसीय निःशुल्क योग चिकित्सा सेवा शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई।शिविर जानकीपुरम स्थित 60 फीट रोड और गोमती नगर में प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक लगाया जाएगा। इसमें वृद्ध, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क योग चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और योग चिकित्सा का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।शिविर के संचालन की जिम्मेदारी हरिराम जायसवाल और सोनलबेन मोदी संभालेंगी। जन्मदिन समारोह में विशाल जायसवाल, हरिराम जायसवाल, प्रमोद चौधरी, दीपक जायसवाल, इंजीनियर मनोज जायसवाल, जितेंद्र तिवारी, इकबाल अहमद, डॉ. सौरभ चौधरी, आशुतोष, अजय जायसवाल, अमूल सहित योग सोशल सोसायटी और योग कायाकल्प ट्रस्ट के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने लोगों से शिविर में पहुंचकर निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।




