छूटे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए जुटें भाजपा कार्यकर्ता : राहुल राज रस्तोगी

भाजपा जिला कार्यालय में मतदाता जोड़ो अभियान-26 की कार्यशाला आयोजित, बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान

गोण्डा, 16 नवम्बर।

चुनाव महापर्व में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम जुड़वाने हेतु पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। यह बात सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मतदाता जोड़ो अभियान-26 की कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय महामंत्री तथा जनपद प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कही।उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और विधानसभा प्रभारियों से कहा कि अभियान को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रयास करें।भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने कहा कि बूथ स्तर पर समर्पित होकर कार्य करना पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का दायित्व है। सभी कार्यकर्ता छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी से वंचित न रहे।कार्यशाला का संचालन अभियान के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री राकेश तिवारी ने किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम शामिल किए जाने हैं।कार्यक्रम का समापन जिला महामंत्री रंजीत कश्यप ने किया।जिला मीडिया प्रभारी विवेक मणि श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यशाला में विधायक रमापति शास्त्री, विधायक प्रभात वर्मा सहित विधानसभा प्रभारी विनय त्रिपाठी, रमेश तिवारी, प्रमोद गुप्ता, शैलेंद्र सिंह, महेंद्र पाठक, प्रमोद तिवारी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button