पाँच वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर चमक रहा बहराइच का सितारा, उत्कर्ष ने सीनियर वर्ग में भी जीता कांस्य पदक

बहराइच। जनपद बहराइच के होनहार पैरा तैराक उत्कर्ष श्रीवास्तव ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया है। लगातार पाँच वर्षों से सब-जूनियर एवं जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करते हुए पदक जीतने वाले उत्कर्ष ने अब सीनियर वर्ग में भी अपनी सफलता का परचम लहराया है।भोपाल (मध्य प्रदेश) में आयोजित 26वीं सीनियर नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 में उत्कर्ष ने पुरुष SM-9 वर्ग की 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले स्पर्धा में 03:27.24 के समय के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।इस उपलब्धि के साथ उत्कर्ष के राष्ट्रीय स्तर पर जीते गए पदकों की कुल संख्या 13 हो गई है। पाँच वर्षों तक सब-जूनियर और जूनियर वर्ग में अपनी प्रतिभा साबित करने के बाद सीनियर वर्ग में पदक जीतना उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है।उत्कर्ष की इस उपलब्धि से बहराइच जनपद का नाम राष्ट्रीय खेल जगत में गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।उत्कर्ष श्रीवास्तव की यह सफलता साबित करती है कि प्रतिभा, मेहनत और हौसले के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।



