कटिहार में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव

पूजन-अर्चन एवं मिलन समारोह में सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर, युवाओं की लघु फिल्म रही आकर्षण का केंद्र

बिहार, कटिहार। भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव नमस्ते भारत इन, कटिहार में श्रद्धा, उल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूजन-अर्चन एवं मिलन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्प अर्पण एवं सामूहिक आरती के साथ हुआ। समाज की मातृशक्ति ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी आचार्य अशोक कुमार चौधरी प्रियदर्शी ने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के वंश, जीवन, पराक्रम एवं ऐतिहासिक महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज को अपने गौरवशाली इतिहास का अध्ययन कर उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए। साथ ही कलचुरी वंश के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए सामाजिक एकता और संगठनात्मक समन्वय को समय की आवश्यकता बताया।राष्ट्रीय संगठन मंत्री मनोज कुमार चौधरी एवं दीपक जायसवाल ने संगठन की महत्ता बताते हुए कहा कि संगठन ही समाज की सामूहिक शक्ति और पहचान का आधार है। प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रवि एवं अरुण कुमार चौधरी ने कहा कि विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। आपसी सम्मान और संवाद से ही सामाजिक एकता मजबूत होती है।जायसवाल समाज कटिहार के जिला संरक्षक संजय चौधरी, पूर्व जिला सचिव रवि कुमार चौधरी एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अमित कुमार चौधरी उर्फ विक्की ने समाज के लोगों से एकजुट होकर रचनात्मक कार्यों में भागीदारी करने तथा भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।समारोह का विशेष आकर्षण आदित्य अशोक एवं आदर्श अशोक द्वारा निर्मित भगवान सहस्रबाहु अर्जुन और रावण के युद्ध प्रसंग पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन रहा। उपस्थित लोगों ने दोनों युवाओं के रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए इसे इतिहास और पौराणिक संस्कृति को आधुनिक माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की सराहनीय पहल बताया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति को भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का चित्र स्मृतिचिह्न के रूप में भेंट किया गया। सभी से अपने घरों में इष्टदेव भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की नियमित पूजा-अर्चना करने का आग्रह किया गया।समारोह में अशोक चौधरी, संजय चौधरी, अरुण कुमार चौधरी, कुमार रवि, अमित कुमार जायसवाल, अनिल जायसवाल, निभा कुमारी, स्वाति जायसवाल, दीपक जायसवाल, मनोज चौधरी, आदित्य कुमार प्रियदर्शी, सौरभ कुमार प्रियदर्शी, रवि चौधरी, बॉबी जायसवाल, पवन जायसवाल, रितेश जायसवाल, सौरव जायसवाल, अनन्त जायसवाल, मयंक जायसवाल, केशव जायसवाल, लोकेश जायसवाल, अपराजिता जायसवाल, तेजस्वी एवं यूवान सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।समारोह का समापन सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती, आपसी भाईचारे एवं समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुई।

Related Articles

Back to top button