नवरात्रि पर नारी शक्ति का सम्मान, महिला रेलकर्मियों को उपहार देकर किया प्रोत्साहित

लखनऊ सिटी स्टेशन बना महिला सशक्तीकरण की मिसाल, श्रुति गुप्ता ने महिला कर्मचारियों के समर्पण को सराहा
लखनऊ, 17 अक्टूबर। नवरात्रि के पावन पर्व पर पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में नारी शक्ति के सम्मान की अनूठी पहल की गई। मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता के नेतृत्व में लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन पर कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित लखनऊ सिटी स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक, टिकट बुकिंग क्लर्क, पॉइंट्समैन, रेलवे सुरक्षा बल और सफाई सहित विभिन्न कार्यों में जुटी महिला रेलकर्मियों के योगदान की सराहना की गई। श्रुति गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है और महिला कर्मचारियों द्वारा पूरे स्टेशन का संचालन करना नारी शक्ति, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि मंडल महिला कल्याण संगठन रेल परिवार की महिलाओं के कल्याण के साथ उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने को प्रतिबद्ध है। सम्मान से उत्साहित महिला कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आभार जताया और इसे आत्मविश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।
इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्ष मानसी सिंह, कोषाध्यक्ष अंकिता गंगवार, सदस्य अन्नपूर्णा गुप्ता सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।
महिला सशक्तीकरण को नई उड़ान
लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन की महिला कर्मचारियों का सम्मान न केवल उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान है, बल्कि यह संदेश भी है कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर महिलाएं हर जिम्मेदारी को पूरी दक्षता से निभा सकती हैं। पूर्वोत्तर रेलवे का लखनऊ मंडल महिला सशक्तीकरण, यात्री सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।




