डोमिनगढ़ स्टेशन पर स्थापित हुई भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा, महिला सशक्तिकरण की मिसाल भी बना रेलवे स्टेशन

फव्वारे और रंगीन रोशनी से बढ़ी स्टेशन की खूबसूरती, महिला रेलकर्मियों के हाथों संचालित हो रहा स्टेशन

लखनऊ, 18 अक्टूबर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने स्टेशन सौंदर्यीकरण और क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में गोरखपुर परिक्षेत्र के डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन पर ध्यान मुद्रा में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। आकर्षक फव्वारे और रंगीन प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित यह प्रतिमा स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने के साथ यात्रियों को शांति, करुणा और मैत्री का संदेश दे रही है।

महिला रेलकर्मियों के हाथों में स्टेशन की पूरी जिम्मेदारी

डोमिनगढ़ स्टेशन महिला सशक्तिकरण की भी मिसाल बन रहा है। यहां स्टेशन अधीक्षक से लेकर टिकट आरक्षण, उद्घोषणा, सुरक्षा और परिचालन तक की जिम्मेदारियां महिला रेलकर्मी कुशलतापूर्वक संभाल रही हैं। उनके नेतृत्व में स्वच्छता, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और अनुशासन को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि डोमिनगढ़ स्टेशन पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना और महिला रेलकर्मियों द्वारा स्टेशन का संचालन भारतीय रेल की दो महत्वपूर्ण प्रतिबद्धताओं—विरासत के सम्मान और नारी शक्ति के सशक्तिकरण—को एक साथ प्रदर्शित करते हैं। लखनऊ मंडल भविष्य में भी रेलवे स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और आधुनिक यात्री सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

बौद्ध पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण है डोमिनगढ़

गोरखपुर के समीप स्थित डोमिनगढ़ स्टेशन बौद्ध पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में स्थित है। यहां से कुशीनगर, लुम्बिनी, श्रावस्ती और कपिलवस्तु जैसे प्रमुख बौद्ध स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन की सुविधा मिलती है। भगवान बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना से स्टेशन के आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिली है।

पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने बताया कि यह पहल स्टेशन के सौंदर्यीकरण के साथ यात्रियों को बेहतर अनुभव देने और भारतीय रेल में महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

डोमिनगढ़ स्टेशन पर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित – महिला सशक्तिकरण और

बौद्ध विरासत का संगम

Related Articles

Back to top button