ऐशबाग में सजी डांडिया नाइट्स की शाम, रेल परिवार ने किया धमाल
डीआरएम गौरव अग्रवाल की मौजूदगी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, पारिवारिक सौहार्द और भाईचारे का दिया संदेश
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से नवरात्रि के अवसर पर ऐशबाग मनोरंजन संस्थान में भव्य ‘डांडिया नाइट्स उत्सव-2026’ का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक परिधानों में सजे रेल परिवार के सदस्यों ने डांडिया नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल और महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिवार सहित उत्साहपूर्वक भाग लिया। डांडिया नृत्य के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रिया पुरवार ने किया।डीआरएम गौरव अग्रवाल ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों में आपसी भाईचारा, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं।इस अवसर पर रेलवे अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, कर्मचारी एवं रेल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।




