सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर सात रेलकर्मियों को मिली तत्काल पदोन्नति, 15 को दी गई भावभीनी विदाई

लखनऊ, 2 नवंबर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में समापक भुगतान कार्यक्रम के अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के रिक्त पदों के सापेक्ष सात पात्र कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति का आदेश प्रदान किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पदोन्नति आदेश सौंपे। शीघ्र पदोन्नति का लाभ मिलने पर कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस दौरान सेवानिवृत्त हुए 15 रेल कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने उन्हें समापक भुगतान संबंधी प्रपत्र और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए। रेलवे के प्रति उनके समर्पण, निष्ठा और योगदान की सराहना करते हुए स्वस्थ, दीर्घ एवं सुखद जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारी, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक, अन्य रेल अधिकारी, रेलवे यूनियन के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



